करनाल में दौड़ती मर्सिडीज बनी आग का गोला, दो युवकों की बाल-बाल बची जान!
<strong>करनाल। </strong>इंद्री स्टेट हाईवे पर शुक्रवार देर रात एक मर्सिडीज कार में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे के समय कार में रोहतक निवासी दो युवक सवार थे।
वहीं आग की लपटें उठते ही युवकों ने समझदारी दिखाते हुए गाड़ी को तुरंत सड़क किनारे रोका और बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। इसके बाद घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई जिसके बाद मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आपको बता दें कि तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक यह घटना रात करीब 12:30 बजे हुई, जब दोनों युवक कार से करनाल से इंद्री की ओर जा रहे थे। रास्ते में उनकी कार के आगे एक ट्रक चल रहा था, जिसका पिछला बंपर टूटा हुआ था।
ट्रक चालक को इस बारे में सचेत करने के उद्देश्य से कार चालक ने ओवरटेक करने के लिए गाड़ी की रफ्तार बढ़ाई। इसी दौरान कार के इंजन से अचानक आग भड़क उठी।
खतरे को भांपते ही युवकों ने तुरंत गाड़ी सड़क किनारे खड़ी कर दी और सुरक्षित बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
