तरावड़ी अनाज मंडी में किसानों का फूटा गुस्सा, मार्केट कमेटी कार्यालय पर जड़ा ताला और किया प्रदर्शन
तरावड़ी अनाज मंडी में फसल खरीद व्यवस्था को लेकर किसानों का भारी आक्रोश सामने आया है। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने तरावड़ी मार्केट कमेटी कार्यालय पर ताला जड़ दिया है। इसके बाद किसानों ने अनाज मंडी में भी ताला लगा दिया है। किसानों ने करीब एक घंटे तक दरी बिछाकर धरना दिया है। इस दौरान किसानों ने सरकार की नीतियों और मंडी में फसल खरीद व्यवस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी की है।
- तरावड़ी अनाज मंडी में किसानों ने मार्केट कमेटी कार्यालय पर ताला जड़ा।
- भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने किया जोरदार प्रदर्शन।
- बारदाना और फसल खरीद व्यवस्था को लेकर किसानों ने उठाए गंभीर सवाल।
किसानों और नेताओं के आरोप
किसान नेता बाबूराम व हुकम सिंह ने कहा है कि सरकार के कागजों में भले ही फसल खरीद शुरू हो चुकी है। लेकिन धरातल पर किसान अपनी फसल के उठान को लेकर काफी परेशान हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि तरावड़ी मंडी में अभी तक पर्याप्त बारदाना उपलब्ध नहीं करवाया गया है। किसान अपनी फसल लेकर मंडी पहुंच रहे हैं। लेकिन खरीद एजेंसियों के अधिकारी समय पर खरीद और उठान की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने साफ कहा है कि जब तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता है। तब तक उनका विरोध प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा।
किसान नेता बाबूराम और हुकम सिंह राणा ने यह भी आरोप लगाया है कि सरकार की ओर से किसानों की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। किसानों को बार-बार भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मंडी प्रधान और अधिकारियों की प्रतिक्रिया
धरने पर बैठे तरावड़ी अनाज मंडी प्रधान सुभाष गुप्ता ने कहा है कि मंडी में फसल खरीद के लिए तीन एजेंसियों की ड्यूटी लगाई गई है। लेकिन अधिकारियों के समय पर नहीं पहुंचने से खरीद व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा है कि अभी तक आढ़तियों को पर्याप्त बारदाना उपलब्ध नहीं करवाया गया है। जिसके चलते मंडी में किसानों और आढ़तियों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।
धरने की सूचना मिलने पर डीएसपी सोनू नरवाल और तरावड़ी थाना प्रभारी जगदीश पांडे मौके पर पहुंचे हैं। उन्होंने किसानों से बातचीत की है। वहीं, मार्केट कमेटी सचिव अरविंद टाया ने बताया है कि किसानों की मांगों को लेकर अधिकारियों से बातचीत की गई है। उन्होंने कहा है कि किसानों की मांगों पर सहमति बन गई है। अब तीनों खरीद एजेंसियों की ओर से नियमानुसार खरीद प्रक्रिया सुचारू रूप से की जा रही है। किसानों के प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए मंडी में माहौल काफी गरमाया रहा था। लेकिन अधिकारियों के आश्वासन के बाद अब स्थिति पूरी तरह सामान्य हो गई है।
