बाबैन स्कूल PTM: आर्ट एग्जिबिशन में दिखी प्रतिभा
सावित्री बाई सीनियर सेकेंडरी स्कूल में अर्ध वार्षिक परीक्षा अभिभावक-शिक्षक बैठक एवं आर्ट एग्जिबिशन का आयोजन बाबैन,10 अक्तूबर(सुरेश अरोड़ा):
सावित्रीबाई सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बाबैन में अर्ध वार्षिक परीक्षाओं के संबंध में अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अभिभावक अपने बच्चों के साथ विद्यालय पहुंचेे और शिक्षकों से विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, पढ़ाई के स्तर तथा आगामी वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों को विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, उनकी खूबियों और सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों के बारे में जानकारी दी। साथ ही, बच्चों को बेहतर प्रदर्शन के लिए नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और अनुशासन अपनाने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर विद्यालय में आर्ट एग्जिबिशन का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई विभिन्न कलात्मक एवं रचनात्मक वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया।
बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता, कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मक सोच का सुंदर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की मेहनत और उनकी कला को देखकर अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक बच्चों का प्रोत्साहन किया। इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करना तथा उनमें रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना था।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या खुशबू सैनी ने कहा की अभिभावक और शिक्षक बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। नियमित संवाद और आपसी सहयोग से विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति को बेहतर बनाया जा सकता है। हमारा उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना ही नहीं, बल्कि बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, रचनात्मकता और व्यावहारिक कौशल विकसित करना भी है। आर्ट एग्जिबिशन जैसी गतिविधियां विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और नई चीजें सीखने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनकी रुचियों, रचनात्मक क्षमताओं और सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान देने का आग्रह किया।
