कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने किया गुरुकुल और पतंजलि फूड्स का शैक्षणिक व औद्योगिक भ्रमण
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए हाल ही में विशेष शैक्षणिक और औद्योगिक भ्रमण का आयोजन किया गया। इस दौरान वनस्पति विज्ञान विभाग और यूएसएम के विद्यार्थियों ने विभिन्न संस्थानों का दौरा करके व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त किया। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में यह आयोजन किया गया।
वनस्पति विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों का गुरुकुल भ्रमण
कुरुक्षेत्र में 6 अक्टूबर को आईआईएचएस के वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा विद्यार्थियों के लिए गुरुकुल में शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। यह भ्रमण वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल गुप्ता, डॉ. संजीत बूरा एवं डॉ. शिवानी के सहयोग से आयोजित किया गया। डॉ. अनिल गुप्ता ने बताया कि भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्राकृतिक एवं जैविक कृषि, पशु संरक्षण तथा विभिन्न वनस्पतियों एवं फसलों के व्यावहारिक ज्ञान से परिचित कराना था।
भ्रमण के दौरान सर्वप्रथम प्राकृतिक कृषि समन्वयक डॉ. प्रकाश ने विद्यार्थियों को गुरुकुल के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली एवं शिक्षा पद्धति के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को गुरुकुल की पारंपरिक शिक्षा व्यवस्था, इसके उद्देश्यों तथा वर्तमान समय में इसके महत्व से अवगत कराया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने गुरुकुल की गौशाला का भ्रमण किया तथा पशुओं के रख-रखाव एवं देखभाल की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान विद्यार्थियों को आंध्र प्रदेश से लाई गई प्रसिद्ध पंगनूर नस्ल की गाय को देखने का अवसर मिला। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने घुड़साल का भी भ्रमण किया।
प्रो. अनिल गुप्ता ने बताया कि विद्यार्थियों ने गुरुकुल के जैविक कृषि फार्म का भ्रमण किया। सहायक फार्म प्रबंधक डॉ. गगनदीप ने विद्यार्थियों को जैविक खेती की विभिन्न गतिविधियों एवं प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों ने बीजामृत एवं नीमास्त्र तैयार करने वाले संयंत्रों का अवलोकन किया। इस दौरान डॉ. गगनदीप ने जीवामृत, अग्नियास्त्र एवं घन जीवामृत तैयार करने की विधि को विस्तार से समझाया तथा जैविक खेती में इनके महत्व एवं उपयोग की जानकारी दी।
जैविक कृषि फार्म में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार की मिश्रित अमरूद प्रजातियों का भी अवलोकन किया, जिनमें कुछ फलों में स्ट्रॉबेरी जैसा स्वाद तथा सेब जैसी विशेषताएं पाई जाती हैं। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को जैविक पद्धति से उगाए जा रहे ड्रैगन फ्रूट, कागजी नींबू, अंबाला, घिया, गाजर, मूली, मेथी, गन्ना, हल्दी, अरबी आदि विभिन्न पौधों एवं फसलों के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को इनके पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी लाभों से भी अवगत कराया गया। इस अवसर पर गैर-शैक्षणिक कर्मचारी रघुबीर एवं मुकेश भी उपस्थित रहे।
यूएसएम के विद्यार्थियों का पतंजलि फूड्स लिमिटेड का औद्योगिक भ्रमण
कुरुक्षेत्र में 6 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट (यूएसएम) के प्रशिक्षण, इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट (टीआईपी) प्रकोष्ठ द्वारा एमबीए अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए हरिद्वार स्थित पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क में पतंजलि फूड्स लिमिटेड का औद्योगिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस अवसर पर यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के चेयरपर्सन प्रो. अनिल मित्तल ने कहा कि अनुभवात्मक एवं उद्योगोन्मुखी शिक्षा विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण विद्यार्थियों को वास्तविक कार्यपरिस्थितियों में संगठनात्मक प्रक्रियाओं को समझने तथा अकादमिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस औद्योगिक भ्रमण में एमबीए अंतिम वर्ष के 50 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने खाद्य निर्माण, गुणवत्ता प्रबंधन एवं उत्पादन प्रक्रियाओं से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को केंद्रीय प्रयोगशाला (सेंट्रल लैब) का निरीक्षण कराया गया, जहां उन्हें गुणवत्ता परीक्षण, उत्पाद मानकों तथा गुणवत्ता आश्वासन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने दंतकांति उत्पादों एवं आंवला कैंडी के निर्माण की विभिन्न प्रक्रियाओं को भी देखा।
उन्होंने कच्चे माल से लेकर तैयार उत्पाद, गुणवत्ता जांच, पैकेजिंग एवं वितरण तक की विभिन्न प्रक्रियाओं को समझा। इस दौरान विद्यार्थियों को यह जानने का अवसर मिला कि बड़े पैमाने पर संचालित खाद्य निर्माण इकाई में उत्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण, पैकेजिंग तथा आपूर्ति शृंखला से संबंधित विभिन्न गतिविधियों के बीच किस प्रकार समन्वय स्थापित किया जाता है। औद्योगिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने उत्पादन प्रबंधन, संचालन प्रबंधन, गुणवत्ता प्रबंधन एवं आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन जैसे विषयों की व्यावहारिक उपयोगिता को भी समझा। केंद्रीय प्रयोगशाला एवं विभिन्न निर्माण इकाइयों के प्रत्यक्ष अवलोकन से विद्यार्थियों को खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता, स्वच्छता, मानकीकरण तथा परिचालन दक्षता के महत्व की जानकारी मिली।
औद्योगिक भ्रमण में टीआईपी प्रकोष्ठ के समन्वयक एवं सहायक प्रोफेसर डॉ. विवेक कुमार तथा श्रीमती मनीषा ने विद्यार्थियों के साथ रहकर भ्रमण का समन्वय किया और उन्हें विभिन्न गतिविधियों की जानकारी प्रदान की। यह जानकारी डॉ. महा सिंह पूनिया, निदेशक जनसंपर्क, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र द्वारा दी गई।