कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में गुरु गोबिंद सिंह जी की विरासत पर अंतरराष्ट्रीय सेमिनार संपन्न

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में गुरु गोबिंद सिंह जी के व्यक्तित्व, बाणी और विरासत पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार संपन्न हुआ। विद्वानों ने समानता, साहस और मानवता के संदेश पर विचार रखे।

<strong>त्याग और लक्ष्य की पूर्ति का सबसे बड़ा उदाहरण हैं गुरु गोबिंद सिंह जीः प्रो. करतार सिंह धीमान</strong>

खालसा केवल एक धार्मिक पहचान नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और सामूहिक निर्णय की परंपरा का प्रतीकः प्रो. वीरेन्द्र पाल**

कुवि में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के व्यक्तित्व, बाणी और विरासत पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का समापन**

कुरुक्षेत्र, 24 अक्टूबर। शशि अरोड़ा /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

गुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन त्याग, साहस, संघर्ष और मानवता की रक्षा के लिए समर्पित जीवन था। उन्होंने अपने जीवन में जो कुछ भी किया, उसके पीछे एक महान उद्देश्य था। उनका ध्येय केवल अपने लिए संघर्ष करना नहीं, बल्कि धर्म, मानवता और समाज की रक्षा करना था। गुरु गोबिंद सिंह जी के जीवन में अनेक ऐसे प्रसंग आते हैं, जो बताते हैं कि उन्होंने अपने उद्देश्य की पूर्ति के लिए व्यक्तिगत सुख-सुविधाओं का त्याग किया। जब वे अपने संघर्ष को आगे बढ़ा रहे थे, तब अनेक लोगों ने उनकी सहायता की।  यह उद्गार आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. करतार सिंह धीमान ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के गुरु गोबिंद सिंह चेयर द्वारा श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के व्यक्तित्व, बाणी एवं विरासत विषय पर सीनेट हॉल में आयोजित दो दिवसीय बहुविषयक अंतरराष्ट्रीय सेमिनार के समापन अवसर पर बतौर मुख्यातिथि व्यक्त किए। इससे पहले सभी अतिथियों का स्वागत श्री गुरु गोबिंद सिंह जी चेयर के समन्वयक डॉ. धर्मबीर ने किया।

प्रो. करतार सिंह धीमान ने कहा कि गुरु जी ने अपने शस्त्र और शास्त्र दोनों के माध्यम से समाज को नई दिशा दी। उन्होंने योद्धाओं को तैयार किया, उन्हें प्रशिक्षण दिया और उनमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने का साहस पैदा किया। उनका मानना था कि केवल शस्त्र धारण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके पीछे ज्ञान, विवेक और उच्च उद्देश्य भी होना चाहिए।

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल ने कहा कि खालसा केवल एक धार्मिक पहचान नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और सामूहिक निर्णय की परंपरा का प्रतीक है। गुरु गोबिंद सिंह जी द्वारा खालसा पंथ की स्थापना के पीछे ज्ञान, समानता, स्वतंत्र विचार और सामूहिक निर्णय की भावना निहित थी। उन्होंने कहा कि खालसा परंपरा ने लोगों को धर्मग्रंथों को समझने, ज्ञान अर्जित करने और अपने विवेक के आधार पर निर्णय लेने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सिख इतिहास में ऐसे अनेक महत्वपूर्ण प्रसंग और व्यक्तित्व हैं, जिन पर अभी व्यापक शोध किया जाना बाकी है।  समापन सत्र के मुख्य वक्ता हरसिमरन सिंह रंधावा ने अपने संबोधन में गुरु गोबिंद सिंह जी के जीवन-दर्शन, खालसा पंथ की स्थापना और उसके आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए मानवीय मूल्यों को जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया।

इससे पहले सुबह के सत्र में मुख्यातिथि कुवि के डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. राकेश कुमार ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी के व्यक्तित्व में भी योद्धा और लेखक के दोनों आयाम अत्यंत प्रभावशाली रूप से दिखाई देते हैं, लेकिन उनका व्यक्तित्व इन दोनों तक सीमित नहीं था। उनका तीसरा और सबसे महत्वपूर्ण आयाम आध्यात्मिक नेतृत्व का था। वे ईश्वर, धर्म, नैतिकता और मानवता की बात करते थे। उनका संघर्ष किसी धर्म या समुदाय के विरुद्ध नहीं, बल्कि अन्याय, अत्याचार और अधर्म के विरुद्ध था। उनका युद्ध धर्म की रक्षा और सत्य एवं न्याय की स्थापना के लिए था।

सुबह के सत्र की अध्यक्षता करते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. रविंदर कुमार ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी के व्यक्तित्व और विचारों की चर्चा करते समय उनके जीवन से जुड़े पारिवारिक एवं सामाजिक पक्ष को भी समझना आवश्यक है। गुरु साहिब ने केवल अपने अनुयायियों को आध्यात्मिक मार्गदर्शन ही नहीं दिया, बल्कि समाज में महिलाओं के सम्मान, उनके अधिकारों और उनकी गरिमा को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया। विशिष्ट अतिथि पंजाबी विश्वविद्यालय के डॉ. दलजीत सिंह ने कहा कि गुरु परंपरा का संदेश आज भी समाज के लिए प्रासंगिक है कि सभी मनुष्य समान हैं और किसी भी व्यक्ति को जन्म के आधार पर छोटा या बड़ा नहीं माना जा सकता।

श्री गुरु ग्रंथ साहित वर्ल्ड विश्वविद्यालय, फतेहगढ़ साहिब से डॉ. हरदेव सिंह ने कहा कि दसवें पातशाह गुरु गोबिंद सिंह जी ने भी संगत के चरणों को सम्मान देकर सामाजिक बराबरी का संदेश दिया।  कुवि के डॉ. रामचंद्र ने कहा कि हमारे इतिहास में जो साहस, त्याग, धर्मनिष्ठा, मानवता और न्याय की उत्कृष्ट परंपरा दिखाई देती है, उसके निर्माण में गुरु गोबिंद सिंह जी और उनके परिवार का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। एसए जैन कॉलेज, अम्बाला के डॉ. बलवान सिंह ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी की वाणी में आध्यात्मिकता, वीरता, चिंतन और मानवता का अद्भुत समन्वय दिखाई देता है। हरियाणा केन्द्रीय पंजाबी लेखक सभा के अध्यक्ष डॉ. सुदर्शन गासो ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन मान-सम्मान, साहस और मानवता की प्रेरणा देता है। उनके जीवन और विचारों का प्रभाव केवल भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे विश्व में उनकी शिक्षाओं को सम्मान के साथ देखा जाता है। सीनियर प्रोफेसर डॉ. एसके चहल ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह जी के जीवन और उनके साहित्य को समझने के लिए जफरनामा और फतेहनामा दोनों का विशेष महत्व है।

चतुर्थ तकनीकी सत्र की अध्यक्षता डॉ. नरिंदर सिंह विर्क (पूर्व उप-चेयरमैन, पंजाबी अकादमी, पंचकूला) ने की। जिसमें डॉ. सरबजीत कौर (राजकीय कॉलेज, पलवल, कुरुक्षेत्र) ने कहा कि गुरु जी ने खालसा के माध्यम से अनुशासन में रहने की शिक्षा दी और आडंबर मुक्त धर्म का रास्ता दिखाया। डॉ. सुरेन्द्र पाल (पंचकूला) ने कहा कि चंडी दा वार के माध्यम से गुरु जी की शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। ज्ञानी अमरीक सिंह जी ने गुरु गोबिंद सिंह जी की जीवनी पर गहराई से जानकारी दी।

डॉ. रंजू बाला ने श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के हुकमनामा की महत्ता बताई। डॉ. सिकंदर सिंह (श्री गुरु ग्रंथ साहिब वर्ल्ड विश्वविद्यालय, फतेहगढ़ साहिब) ने कहा कि गुरु साहिब के शब्द ही शस्त्र हैं और शस्त्र ही विद्या का सार है। डॉ. गुरप्रीत गिल (डीएवी कॉलेज, पेहवा) ने कविता के माध्यम से गुरु गोबिंद सिंह जी के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। डॉ. विकास राठी (केंद्रीय विश्वविद्यालय पंजाब, बठिंडा) ने कहा कि मध्यकालीन ऐतिहासिक स्त्रोत हमें सीमित मात्रा में ही उपलब्ध हैं।

केवल एक शासक को देखकर हम पूरे मुगल काल को नहीं देख सकते। कहीं कहीं हमें गुरु साहिबों के साथ मुगल शासकों का टकराव देखने को मिलता है, तो कहीं कहीं हमें प्रेम भी देखने को मिलता है। प्रो. प्रेमजीत सिंह (केंद्रीय विश्वविद्यालय पंजाब, बठिंडा) ने गुरु साहिब की युद्ध कला और रणनीति और बलिदान पर विस्तार से बात रखी। डॉ. नरिंदर सिंह विर्क (पूर्व उप-चेयरमैन, पंजाबी अकादमी, पंचकूला) ने गुरु जी की साधना के साथ समय और जीवन की महत्ता पर प्रकाश डाला। पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय, बठिंडा के प्रो. प्रेमजीत सिंह ने खालसा की अवधारणा को समझाते हुए इसकी तुलना मैनी वॉरियर्स की अवधारणा से की।

मंच का संचालन सुबह के सत्र में डॉ. सुखजीत कौर व समापन सत्र में डॉ. देवेन्द्र बीबीपुरिया ने किया। डॉ. गुरप्रीत सिंह ने सत्र रिपोर्ट को प्रस्तुत किया व डॉ. कुलदीप कुमार ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर डॉ. धर्मबीर, डॉ. अमरजीत, डॉ. गुरप्रीत सिंह साहूवाला, डॉ. नरेश, डॉ. दर्शन गासो, डॉ. रामचन्द्र, डॉ. रमेश सिरोही, डॉ. देवेन्द्र बीबीपुरिया, डॉ गुरचरण सिंह जोगी, डॉ. कुलदीप मेंहदीरत्ता, डॉ. हरिओम फुलिया, डॉ. परवेश, डॉ. प्रिया, डॉ. ऋ़तु सैनी, डॉ. हरनेक सैनी, रणदीप जौहर सहित शिक्षक, शोधार्थी व विद्यार्थी मौजूद थे।

About the Author