कुरुक्षेत्र की प्रो. नीरा राघव दुनिया के टॉप 2% वैज्ञानिकों में
प्रो. नीरा राघव विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में शामिल, कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने दी बधाई
शशि अरोड़ा /कुरुक्षेत्र,/17 अक्टूबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग की वरिष्ठ प्रोफेसर एवं इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज की निदेशिका प्रो. नीरा राघव को स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय और एल्सेवियर द्वारा जारी विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की प्रतिष्ठित सूची में शामिल किए जाने पर कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा, कुलसचिव प्रो. वीरेंद्र पाल तथा इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज के डीन प्रो. जितेंद्र शर्मा ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि प्रो. नीरा राघव की यह उपलब्धि पूरे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर प्रतिष्ठित इस सूची में स्थान प्राप्त करना उनके उत्कृष्ट शोध, निरंतर वैज्ञानिक प्रयासों तथा उच्च गुणवत्ता वाले अनुसंधान की अंतरराष्ट्रीय स्वीकृति को दर्शाता है। उनकी यह उपलब्धि विश्वविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण एवं उच्च स्तरीय शोध को और बढ़ावा देने के साथ-साथ युवा शोधार्थियों को भी प्रेरित करेगी।
कुलसचिव प्रो. वीरेंद्र पाल ने प्रो. नीरा राघव को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनके वर्षों के कठोर परिश्रम, शोध के प्रति समर्पण और अकादमिक उत्कृष्टता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रो. राघव की उपलब्धि विश्वविद्यालय के शोधार्थियों और युवा वैज्ञानिकों के लिए प्रेरणादायी है।
इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्युटिकल साइंसेज के डीन प्रो. जितेंद्र शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रो. नीरा राघव की यह उपलब्धि संस्थान के लिए विशेष गौरव का विषय है। इससे संस्थान के उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं शोध कार्यों को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है।
प्रो. नीरा राघव को रसायन विज्ञान के क्षेत्र में विशेष रूप से औषधीय रसायन विज्ञान एवं जैव-अणुक रसायन विज्ञान के उप-क्षेत्रों में उनके शोध योगदान के लिए इस प्रतिष्ठित सूची में स्थान मिला है। उनका शोध कार्य मुख्य रूप से लक्षित औषधि वितरण, एंजाइम अवरोधन तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर केंद्रित है।
प्रो. राघव ने कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए नैनोसेल्यूलोज और पॉलीसैकराइड आधारित उन्नत लक्षित औषधि वितरण प्रणालियों के विकास पर महत्वपूर्ण शोध किया है। इसके साथ ही उन्होंने मानव शरीर में विभिन्न रोगों से जुड़े कैथेप्सिन एंजाइमों के अवरोधन तथा पाचन तंत्र संबंधी रोगों के नियंत्रण के लिए नवीन कार्बनिक संकर यौगिकों के विकास पर भी कार्य किया है। पर्यावरणीय शोध के क्षेत्र में उन्होंने एमएक्सीन तथा उन्नत बहुलकीय धातु-ऑक्साइड नैनो-संकर पदार्थों के माध्यम से अपशिष्ट जल उपचार एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण शोध कार्य किए हैं। प्रो. नीरा राघव के नाम 150 से अधिक शोध-पत्र हैं, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक समुदाय में व्यापक रूप से उद्धृत एवं सराहा गया है। उनके शोध कार्यों का प्रभाव विभिन्न वैज्ञानिक अध्ययनों में दिखाई देता है, जिसने उन्हें विश्व के अग्रणी वैज्ञानिकों की श्रेणी में स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय और एल्सेवियर द्वारा तैयार की जाने वाली विश्व के शीर्ष 2 प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में दुनिया भर के सक्रिय शोधकर्ताओं के स्कोपस डेटाबेस में उपलब्ध शोध एवं उद्धरण संबंधी आंकड़ों का विश्लेषण किया जाता है। इसमें केवल शोध-पत्रों की संख्या ही नहीं, बल्कि शोध के प्रभाव, उद्धरणों, एच-इंडेक्स और समग्र उद्धरण प्रभाव सहित विभिन्न वैज्ञानिक मानकों को ध्यान में रखा जाता है। प्रो. नीरा राघव की इस उपलब्धि पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विभिन्न संकाय सदस्यों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने भी उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं और उनके निरंतर उज्ज्वल शोध भविष्य की कामना की है।
