रत्नावली महोत्सव 2026: आर्य कॉलेज पानीपत ने जीती ट्रॉफी
रत्नावली समारोह ने स्वावलंबी भारत और हरियाणवी संस्कृति का जीवंत उदाहरण प्रस्तुत कियाः प्रो. सोमनाथ सचदेवा चार दिवसीय रत्नावली राज्य स्तरीय सांस्कृतिक समारोह का हुआ समापन कुवि रत्नावली समारोह-2026 में आर्य कॉलेज पानीपत ने जीती ओवर ऑल ट्रॉफी, केयू कैम्पस को मिली रनर अप ट्राफी <strong></strong>कुरुक्षेत्र, 04<strong></strong> नवम्बर। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने कहा कि इस बार का रत्नावली महोत्सव पूरी तरह से सफल रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रतिभा, मेहनत और आत्मनिर्भरता की भावना की सराहना करते हुए कहा कि रत्नावली केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं को स्वावलंबन, उद्यमिता और अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि समारोह में ग्रामीण अंचल की झलक प्रस्तुत करती प्रदर्शनी अत्यंत आकर्षक और प्रेरणादायक रही।
विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से स्वावलंबी भारत की एक जीवंत तस्वीर प्रस्तुत की है। विशेष रूप से प्रसन्नता की बात है कि कुछ विद्यार्थियों ने बताया कि उन्होंने रत्नावली के इन चार दिनों में अच्छी कमाई की है। यह इस बात का प्रमाण है कि यदि युवा अपने पैरों पर खड़े होने का संकल्प ले लें तो उन्हें आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता। इससे पहले कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा, श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश कुमार, कुलसचिव डॉ. सुमन वशिष्ठ, कुवि कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल, डॉ. ममता सचदेवा ने क्राफ्ट मेले का अवलोकन किया व हरियाणवी व्यंजनों का स्वाद चखा। वे बुधवार को श्रीमद्भगवद्गीता सदन में 01 से 04 नवम्बर तक चार दिनों तक चलने वाले चार दिवसीय राज्य स्तरीय हरियाणा दिवस समारोह के समापन अवसर पर बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे।
प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने प्रदर्शनी की साज-सज्जा और आयोजन में जुटी पूरी टीम को बधाई देते हुए लगभग 250 विद्यार्थियों की रत्नावली आयोजन टीम की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों ने यह साबित किया है कि विद्यार्थियों का कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए और विद्यार्थियों के द्वारा किस प्रकार सफलतापूर्वक आयोजित किया जा सकता है। उन्होंने रत्नावली के माध्यम से हरियाणा की संस्कृति को सहेजने, संवारने और आगे बढ़ाने के प्रयासों की सराहना करते हुए दो महत्वपूर्ण संकल्प भी सामने रखे। उन्होंने कहा कि हरियाणवी बोली को भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करवाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाने चाहिए।
उन्होंने हरियाणा की पारंपरिक लोककला सांझी को भी राष्ट्रीय स्तर पर उचित पहचान दिलाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बिहार की मधुबनी कला को देश-विदेश में पहचान मिली है, उसी प्रकार हरियाणा की सांझी कला को भी राष्ट्रीय कला परिदृश्य में सम्मानजनक स्थान मिलना चाहिए। इसके लिए विश्वविद्यालय के ललित कला विभाग, युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग तथा जनसंपर्क विभाग को मिलकर योजनाबद्ध तरीके से प्रयास करने होंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि सभी विभाग संकल्पबद्ध होकर कार्य करें तो आगामी दो से पांच वर्षों में इन लक्ष्यों को प्राप्त किया जा सकता है।
प्रो. सचदेवा ने रत्नावली को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी व्यक्तियों और विभागों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से लोक संपर्क विभाग के निदेशक डॉ. महासिंह पूनिया, युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक प्रो. विवेक चावला तथा डॉ. सलोनी पवन दीवान के योगदान की सराहना की। उन्होंने डॉ. दिनेश अग्रवाल का भी समारोह में पहुंचने पर धन्यवाद किया।
श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश अग्रवाल ने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से उनका 44 वर्षों का भावनात्मक जुड़ाव है। रत्नावली समारोह युवाओं को अपनी सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतरीन मंच प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि रत्नावली में प्रदर्शनी और स्टॉल के माध्यम से विद्यार्थियों ने व्यवसाय एवं उद्यमिता के व्यावहारिक कौशल भी सीखे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि युवा भविष्य में नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार देने वाले उद्यमी बनेंगे।
इस मौके पर कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा व अतिथियों ने रत्नावली महोत्सव 2026 की विभिन्न प्रतियोगिता में विजयी रहे प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। इन प्रतियोगिताओं में आर्य कॉलेज, पानीपत के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में अग्रणी रहकर रत्नावली समारोह-2026 की ओवर ऑल ट्राफी जीती। वहीं केयू कैम्पस की टीम ने रनर अप ट्रॉफी अपने नाम की। रत्नावली महोत्सव में आयोजित नृत्य प्रतियोगिता में आर्य पीजी कॉलेज, पानीपत के कलाकारों ने ओवरऑल ट्रॉफी जीतकर अपने दमदार प्रदर्शन का लोहा मनवाया। वहीं ओवर ऑल फाइन आर्टस ट्रॉफी आरकेएसडी कॉलेज, कैथल की टीम को मिली, ओवर ऑल लिटरेरी ट्रॉफी दयाल सिंह कॉलेज, कैथल तथा आरकेएसडी कॉलेज कैथल ने प्राप्त की। वहीं ओवर ऑल थियेटर इवेंटस आर्य पीजी कॉलेज, पानीपत, ओवर ऑल म्यूजिक इवेंट्स ट्रॉफी आर्य कॉलेज पीजी कॉलेज पानीपत ने प्राप्त की। युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक प्रो. विवेक चावला ने रत्नावली महोत्सव की रिपोर्ट प्रस्तुत की व कुवि सांस्कृतिक परिषद के अध्यक्ष डॉ. रोहित दत्त ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस मौके पर कुलपति डॉ. दिनेश अग्रवाल, डॉ. ममता सचदेवा, डॉ. सुमन वशिष्ठ, डॉ. जगदीश गुप्ता, कुलसचिव प्रो. वीरेन्द्र पाल, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. राकेश कुमार, युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग के निदेशक प्रो. विवेक चावला, कुवि सांस्कृतिक परिषद के अध्यक्ष डॉ. रोहित दत्त, लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया, प्रो. अनिल गुप्ता, उप-निदेशक डॉ. जिम्मी शर्मा, प्रो. दीपक राय बब्बर, डॉ. सौरभ चौधरी, उप-निदेशिका डॉ. सलोनी पवन, डॉ. सुशील टाया, डॉ. हरविन्द्र राणा सहित शिक्षक व विद्यार्थी मौजूद थे।
