कुरुक्षेत्र रत्नावली में धोती-कुर्ता पहनकर पहुंचे जींद-कैथल के पांच युवा, हरियाणवी पहनावे से दिखाई संस्कृति की झलक’

कुरुक्षेत्र के रत्नावली महोत्सव 2026 में धोती-कुर्ते में पहुंचे पांच युवा, छह वर्षीय सौम्या ने जीता दिल और हरियाणवी लूर नृत्य को मिला नया मंच, जानें खास बातें।

रत्नावली महोत्सव 2026: धोती-कुर्ते में पहुंचे युवा, लूर को मंच

आठ वर्षों से लगातार रत्नावली महोत्सव में आ रहे हैं पांचों युवा, बोले- आधुनिकता के साथ अपनी संस्कृति और पहचान को भी रखें जीवंत’’**

कुरुक्षेत्र, 1 नवंबर/शशि अरोड़ा

आधुनिकता के दौर में जहां युवा तेजी से पश्चिमी संस्कृति और आधुनिक पहनावे की ओर आकर्षित हो रहे हैं, वहीं कुछ युवा ऐसे भी हैं, जो अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को गर्व के साथ संजोए हुए हैं। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित रत्नावली महोत्सव-2026 के पहले दिन जींद, नरवाना और कैथल से पहुंचे पांच युवाओं का पारंपरिक हरियाणवी अंदाज विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

सफेद धोती-कुर्ता, पारंपरिक बड़का, कंठी, डोगा और हरियाणवी जूती पहने इन युवाओं ने हरियाणा की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक पहनावे की खूबसूरत झलक प्रस्तुत की। जींद और नरवाना से डॉ. विकास, मास्टर अनिल शर्मा, मास्टर रामनिवास और मास्टर विनोद कुमार तथा कैथल से जसबीर सिंह रत्नावली महोत्सव में शामिल होने पहुंचे।

खास बात यह है कि पांचों युवा कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पूर्व विद्यार्थी हैं और पिछले लगभग आठ वर्षों से लगातार रत्नावली महोत्सव देखने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि रत्नावली महोत्सव से ही उन्हें हरियाणवी संस्कृति और परंपराओं को अपनाने तथा आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिली। नौकरी और अच्छे पदों पर कार्यरत होने के बावजूद उन्होंने अपनी सांस्कृतिक पहचान को हमेशा प्राथमिकता दी है। उनका कहना है कि पारंपरिक हरियाणवी पहनावा अपनाने से उन्हें अपनी मिट्टी, संस्कृति और विरासत से जुड़ाव महसूस होता है।

युवाओं ने कहा कि जींद को हरियाणा का दिल कहा जाता है, लेकिन वहां भी खान-पान, रहन-सहन और पारंपरिक संस्कृति में बदलाव देखने को मिल रहा है। ऐसे में रत्नावली महोत्सव में आकर उन्हें यह अनुभव होता है कि हरियाणा की लोकसंस्कृति आज भी पूरी जीवंतता के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने चिंता जताई कि आज की युवा पीढ़ी अपने बुजुर्गों के साथ पर्याप्त समय नहीं बिताती, जिसके कारण उसे पुरानी परंपराओं, पारंपरिक पहनावे और लोकजीवन की विशेषताओं की जानकारी नहीं मिल पाती।

उन्होंने कहा कि बुजुर्ग हमारी संस्कृति और विरासत के सच्चे जानकार हैं। उनके साथ समय बिताकर और उनसे सीखकर ही हम अपनी परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचा सकते हैं। पांचों युवाओं ने हरियाणवी अंदाज में संदेश देते हुए कहा कि पश्चिमी संस्कृति और आधुनिक पहनावे को अपनाने में कोई बुराई नहीं है, लेकिन अपनी जड़ों और पहचान को कभी नहीं भूलना चाहिए। हरियाणवी पहनावा, खान-पान, बोली और रीति-रिवाज हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं। इन्हें सहेजना और आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कुरुक्षेत्र रत्नावली में धोती-कुर्ता पहनकर पहुंचे जींद-कैथल के पांच युवा, हरियाणवी पहनावे से दिखाई संस्कृति की झलक’

<strong>छह वर्षीय सौम्या ने हरियाणवी वेशभूषा से जीता सबका दिल, मिला 500 रुपये का पुरस्कार</strong> कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित रत्नावली महोत्सव-2026 में छह वर्षीय सौम्या अपनी पारंपरिक हरियाणवी वेशभूषा के कारण आकर्षण का केंद्र बनी रही। कुरुक्षेत्र निवासी पहली कक्षा की छात्रा सौम्या ने दामण, कुर्ती, चुनरी, बोरला, कंठी, तागड़ी और जूती पहनकर हरियाणा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सुंदर झलक प्रस्तुत की। हरियाणा मीडिया चौपाल के दौरान हरियाणवी संस्कृति एवं पारंपरिक पहनावे को प्रोत्साहित करने के लिए हरियाणवी मीडिया चौपाल के संयोजक हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रो. महासिंह पूनिया ने सौम्या को 500 रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। सौम्या के पिता मुनीश कुमार ने बताया कि उनका परिवार हरियाणा की संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा हुआ है। वे बचपन से ही बेटी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ रहे हैं। सौम्या को नृत्य करना पसंद है और वह विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी भाग लेती है। उन्होंने कहा कि बच्चों को बचपन से ही अपनी संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराना जरूरी है, ताकि वे अपनी विरासत को सहेजकर आगे बढ़ा सकें।

**हरियाणवी की क्षेत्रीय बोलियों में गूंजी मिट्टी की पहचान, रत्नावली के मंच पर दिखी सांस्कृतिक विविधता’’

** हरियाणा की सांस्कृतिक पहचान उसकी मिट्टी, खान-पान और पहनावे के साथ-साथ यहां की भाषा, लोकपरंपराओं और ऐतिहासिक विरासत में भी रची-बसी है। इसी सांस्कृतिक विविधता की झलक कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आयोजित रत्नावली राज्य स्तरीय महोत्सव-2026 के पहले दिन देखने को मिली। सीनेट हॉल में आयोजित हरियाणवी डिक्लेमेशन प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे विद्यार्थियों ने अपनी-अपनी क्षेत्रीय बोलियों में विचार प्रस्तुत कर हरियाणा की संस्कृति, इतिहास और लोकजीवन को शब्दों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।

कुरुक्षेत्र रत्नावली में धोती-कुर्ता पहनकर पहुंचे जींद-कैथल के पांच युवा, हरियाणवी पहनावे से दिखाई संस्कृति की झलक’

प्रतियोगिता के दौरान हरियाणवी भाषा के विभिन्न क्षेत्रीय स्वरूप सुनने को मिले। प्रतिभागियों ने अपनी मातृबोली को अभिव्यक्ति का माध्यम बनाते हुए हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक पहचान और परंपराओं से जुड़े विषयों पर विचार रखे। अलग-अलग क्षेत्रों के शब्दों, उच्चारण और बोलने के अंदाज ने प्रतियोगिता को विशेष बना दिया। इस मंच के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी वक्तृत्व कला का प्रदर्शन करने के साथ-साथ अपनी मातृभाषा और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का अवसर भी मिला।

करनाल के राजकीय महाविद्यालय से प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचे अंकित और ग्रेविन ने कहा कि रत्नावली जैसे आयोजन हरियाणवी संस्कृति और क्षेत्रीय बोलियों के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिता ने यह संदेश दिया कि भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि किसी समाज की सांस्कृतिक पहचान, इतिहास और परंपराओं की संवाहक भी है। हरियाणवी की विभिन्न क्षेत्रीय बोलियों को एक मंच पर प्रस्तुत करने के माध्यम से रत्नावली ने प्रदेश की भाषाई विविधता और सांस्कृतिक एकता की सुंदर झलक पेश की।

विलुप्त होती हरियाणवी लोककला लूर को रत्नावली में मिलेगा नया मंच हरियाणा की विलुप्त होती लोकपरंपराओं को संरक्षित करने और नई पीढ़ी से जोड़ने के उद्देश्य से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के रत्नावली महोत्सव-2026 में पारंपरिक लूर नृत्य को पहली बार प्रतियोगिता के रूप में शामिल किया गया है। हरियाणा के बांगर क्षेत्र की यह विशिष्ट महिला-केंद्रित लोकनृत्य शैली कभी फागुन के महीने में गांवों में विशेष उत्साह के साथ प्रस्तुत की जाती थी। इसकी खासियत यह थी कि इसमें केवल महिलाएं और युवतियां भाग लेती थीं तथा पुरुषों का इसे देखना वर्जित माना जाता था।

लूर नृत्य में युवतियों की दो मंडलियां आमने-सामने खड़ी होकर लोकगीतों के माध्यम से सवाल-जवाब करती हैं। नृत्य और गीतों के इस अनूठे संगम में हास्य, शृंगार और ग्रामीण जीवन की झलक देखने को मिलती है। समय के साथ यह परंपरा धीरे-धीरे विलुप्त होती गई। इस लोककला को पुनर्जीवित करने के लिए कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की ओर से पिछले एक वर्ष से कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। विश्वविद्यालय के चारों जोन के महाविद्यालयों में लूर नृत्य की टीमें तैयार की जा रही हैं और प्रतिभागियों को इसके पारंपरिक गीतों, नृत्य शैली तथा प्रस्तुति की बारीकियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। रत्नावली के मंच पर प्रतियोगिता के रूप में लूर नृत्य को शामिल करना हरियाणा की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे युवा पीढ़ी को अपनी लोकपरंपराओं से जुड़ने और इस विशिष्ट महिला लोककला को नई पहचान दिलाने का अवसर मिलेगा।

About the Author

राजकुमार अग्रवाल
राजकुमार अग्रवाल

9447 Articles