कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में फिलॉसफी क्लब शुरू, क्या होगा खास?

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में फिलॉसफी क्लब का शुभारंभ हुआ। विद्यार्थियों को तार्किक चिंतन, स्वतंत्र विचार और संवाद का नया मंच मिला। जानिए क्लब की खास योजनाएं।

<strong>कुवि में ‘फिलॉसफी क्लब’ का शुभारंभ, विद्यार्थियों को मिला विचार-विमर्श का नया मंच</strong>

दार्शनिक चिंतन, तार्किक दृष्टिकोण और संवाद की संस्कृति को बढ़ावा देना क्लब का मुख्य उद्देश्य’’

<strong>कुरुक्षेत्र, 27</strong><strong> अक्टूबर।</strong>

कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के मार्गदर्शन में दर्शनशास्त्र विभाग में मंगलवार को नवगठित ‘फिलॉसफी क्लब’ का शुभारंभ किया गया। इस क्लब का उद्देश्य विद्यार्थियों में दार्शनिक चिंतन, तार्किक दृष्टिकोण, स्वतंत्र विचार और संवाद की संस्कृति को बढ़ावा देना तथा जीवन की वास्तविक समस्याओं को समझने के लिए उन्हें प्रेरित करना है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता दर्शनशास्त्र विभाग की अध्यक्षा एवं कला संकाय की अधिष्ठाता प्रो. अनामिका गिरधर ने की। उन्होंने विद्यार्थियों की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों की रचनात्मकता, तार्किक क्षमता और स्वतंत्र चिंतन को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभाग क्लब की गतिविधियों को प्रभावी बनाने तथा भविष्य में विभिन्न शैक्षणिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए विद्यार्थियों को पूरा सहयोग प्रदान करेगा।

इस अवसर पर विभाग के सहायक आचार्य शीलक राम, डॉ. अजमेर तथा शोधार्थी राहुल और जोगिंदर ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए इस पहल को प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रथम वर्ष की छात्रा यांशी ने किया। एमए अंतिम वर्ष के विद्यार्थी लकी ने क्लब के उद्देश्यों, दृष्टिकोण और प्रस्तावित गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य जीवन और जगत को गहराई से समझना तथा सत्य की खोज के माध्यम से दार्शनिक विचारों को समाज तक पहुंचाना है। क्लब विद्यार्थियों को ऐसा खुला मंच प्रदान करेगा, जहां वे संवाद, व्यावहारिक अभ्यास और वास्तविक जीवन की समस्याओं पर चर्चा के माध्यम से दार्शनिक अवधारणाओं को समझ सकेंगे और उन्हें अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित होंगे।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने कविता, विचार-प्रस्तुति और रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से सामाजिक एवं दार्शनिक विषयों को प्रस्तुत किया। प्रथम वर्ष के विद्यार्थी अभिषेक ने अपनी कविता के माध्यम से समाज में बेटियों के साथ होने वाले दुर्व्यवहार और उनकी असुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी सचिन कुमार ने स्वामी विवेकानंद के ‘व्यावहारिक वेदांत’ विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए और दर्शन को दैनिक जीवन के व्यवहार से जोड़ने का प्रयास किया। इसके अतिरिक्त वंशिका, खुशबू, रेनू और प्रकाश ने अपनी कविताओं के माध्यम से दार्शनिक चिंतन की महत्ता को अभिव्यक्त किया तथा विद्यार्थियों को दर्शनशास्त्र के अध्ययन और उसकी व्यावहारिक उपयोगिता के प्रति प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में लकी ने क्लब की आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि भविष्य में दार्शनिक चर्चाओं, विचार-विमर्श सत्रों, रचनात्मक गतिविधियों और ज्ञानवर्धक खेलों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की रूपरेखा अभिषेक ने तैयार की, जबकि सचिन और अभिषेक ने आयोजन को सफल बनाने में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया।

About the Author