लाडवा में 13 वर्षीय ताहिर लापता, नहर किनारे तलाश तेज

लाडवा के डेरा मुरादनगर से 13 वर्षीय ताहिर वीरवार दोपहर लापता हो गया। ईंट भट्ठे के CCTV में दिखा बच्चा, नहर में डूबने की आशंका के बीच पुलिस और परिजन तलाश में जुटे।
 

पश्चिमी यमुना नहर किनारे से 13 वर्षीय ताहिर लापता, तलाश में जुटी पुलिस और परिजन

लाडवा 6 नवम्बर (मानव गर्ग) : पश्चिमी यमुना नहर के किनारे बसे डेरा मुरादनगर के पास से 13 वर्षीय बच्चे के लापता होने का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। वीरवार दोपहर से लापता बच्चे ताहिर का शुक्रवार तक कोई सुराग नहीं लग पाया। बच्चे के अचानक गायब होने से परिजन बेहद परेशान हैं। वहीं, पुलिस प्रशासन भी बच्चे की तलाश में जुटा हुआ है। नहर के नजदीक से बच्चा लापता होने के कारण उसके डूबने की आशंका भी जताई जा रही है। इसी को देखते हुए गोताखोर आबिद खान को भी मौके पर बुलाया गया।

लापता बच्चे के मामा शजाकत खान ने बताया कि गांव बदरपुर के पास पश्चिमी यमुना नहर किनारे बसे डेरा मुरादनगर से 13 वर्षीय ताहिर वीरवार दोपहर अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी। शुक्रवार को लाडवा पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की, ताकि बच्चे की आवाजाही के संबंध में कोई सुराग मिल सके। बच्चे के मामा शजाकत खान ने बताया कि ताहिर वीरवार दोपहर से घर से गायब है और अभी तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि एक ईंट भट्ठे पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में ताहिर वीरवार को करीब ढाई बजे दिखाई दिया है। परिजन ईंट भट्ठे के आसपास के क्षेत्र के अलावा गन्ने के खेतों में भी बच्चे की तलाश कर रहे हैं। ताहिर पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा है और उससे बड़ी तीन बहनें हैं। लाडवा थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बच्चे की तलाश शुरू करवाई। थाना प्रभारी के अनुसार, नहर के पास स्थित एक ईंट भट्ठे पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में बच्चा भट्ठे की तरफ आता और दोबारा जाता दिखाई दे रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि बच्चे की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

About the Author

मानव गर्ग
मानव गर्ग

9447 Articles