लाडवा रामलीला: अशोक वाटिका में हनुमान ने मचाया तहलका!

लाडवा रामलीला में अशोक वाटिका प्रसंग का भव्य मंचन हुआ। हनुमान-रावण संवाद, सीता की दृढ़ता और अक्षय कुमार वध ने दर्शकों को रोमांचित किया। जानिए कलाकारों की भूमिका।
 

रामलीला में अशोक वाटिका प्रसंग में सीता-रावण के तीखे संवादों ने बांधा समां

हनुमान जी के पराक्रम, भक्ति और बुद्धिमत्ता के दृश्यों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

लाडवा, 17 अक्टूबर(मानव गर्ग):

लाडवा के ठाकुरी देवी स्कूल के पास श्री राम हनुमान रामलीला समिति की ओर से रामलीला मैदान में आयोजित रामलीला के तेरहवें दिन अशोक वाटिका प्रसंग का भव्य मंचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री कृष्ण कृपा समिति के प्रधान कपिल गर्ग व समाजसेवी विनय गर्ग ने महाबली हनुमान जी की आरती करके किया। वहीं लाडवा प्रेस क्लब के प्रधान नरेश गर्ग के नेतृत्व में क्लब के सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

श्री कृष्ण कृपा समिति के प्रधान कपिल गर्ग ने कहा कि रामलीला के भव्य मंचन से लाडवा में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। इतने बड़े धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन को सफल बनाने के लिए अथक मेहनत, कुशल प्रबंधन, कला की समझ और अनुभव की आवश्यकता होती है। श्री राम हनुमान रामलीला समिति के पदाधिकारी, कलाकार और सदस्य अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाते हुए क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ा रहे हैं।

वहीं लाडवा प्रेस क्लब के प्रधान नरेश गर्ग ने कहा कि प्रभु श्री राम की लीलाओं को देखने के लिए उमड़ रही भीड़ समिति के पदाधिकारियों, कलाकारों और सदस्यों की मेहनत का परिणाम है। रामलीला हमारी धार्मिक आस्था के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और मर्यादाओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। वहीं मंचन की शुरुआत माता सीता को प्रभु श्री राम के वियोग में व्याकुल दिखाने वाले भावुक दृश्य से हुई। इसके बाद महाबली हनुमान जी का लंका में प्रवेश और द्वार पर लंकिनी द्वारा उन्हें रोकने का प्रसंग प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात रावण अशोक वाटिका पहुंचा और माता सीता को अपने पक्ष में करने के लिए समझाने-बुझाने के साथ डराने-धमकाने लगा। माता सीता ने निर्भीकता से रावण की बातों का जवाब दिया।

दोनों के बीच हुए तीखे वाक्-युद्ध में सीता जी की दृढ़ता और रावण के अहंकार का प्रभावशाली चित्रण किया गया। इन संवादों पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं। रावण के वहां से जाने के बाद हनुमान जी ने माता सीता को धैर्य बंधाया और प्रभु श्री राम की अंगूठी देकर अपना परिचय दिया। इसके बाद हनुमान जी द्वारा अशोक वाटिका उजाडऩे, फल खाने और दर्शकों के बीच फल बांटने के दृश्यों ने खूब मनोरंजन किया।

वहीं अक्षय कुमार के साथ हनुमान जी के युद्ध और अक्षय कुमार के वध का दृश्य भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। इसके बाद मेघनाद ने हनुमान जी को बंदी बनाकर रावण के दरबार में पेश किया। वहीं रावण ने हनुमान जी को मृत्युदंड देने की बात कही, जिसका विभीषण ने विरोध किया। इसके बाद रावण ने हनुमान जी की पूंछ में आग लगाने का आदेश दिया। वहीं अशोक वाटिका प्रसंग में माता सीता की भूमिका विवेक शर्मा, रावण की भूमिका योगिन्द्र कम्बोज, महाबली हनुमान की भूमिका राकेश कम्बोज मिंटू, अक्षय कुमार की भूमिका शिवांश कम्बोज, मेघनाद की भूमिका शशांक सिंघल, विभीषण की भूमिका लवी नागपाल तथा मंत्री की भूमिका वैभव नोनू ने निभाई।

About the Author

मानव गर्ग
मानव गर्ग

9447 Articles