लाडवा रामलीला में केवट ने जीता दिल, दशरथ मरण पर छलके आंसू
रामलीला में केवट के अभिनय ने जीता दर्शकों का दिल, दशरथ मरण के दृश्य ने रुलाया
केवट बने नरेश गर्ग ने सजीव अभिनय से प्रसंग में डाली जान, प्रभु श्रीराम को गंगा पार करवाने पर बटोरी वाहवाही
लाडवा, 12 अक्टूबर (मानव गर्ग):
लाडवा की श्री राम हनुमान रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला में केवट प्रसंग एवं राजा दशरथ मरण के दृश्यों का भावपूर्ण मंचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जय ज्वाला जी सेवा मंडल के प्रधान अंकित गर्ग व जीसी बाथ एम्पोरियम के निदेशक अखिल गर्ग ने प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की आरती करके किया।
समाजसेवी अंकित गर्ग ने कहा कि केवट प्रसंग केवल रामलीला का एक दृश्य नहीं, बल्कि सच्ची भक्ति, निस्वार्थ सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल है। केवट ने प्रभु श्रीराम के चरण धोकर और उन्हें गंगा पार कराकर अपनी श्रद्धा प्रकट की तथा बदले में भवसागर पार करने का आशीर्वाद मांगा।
यह प्रसंग मनुष्य को सिखाता है कि सच्ची भक्ति में पद, प्रतिष्ठा और धन का नहीं, बल्कि निर्मल मन और अटूट विश्वास का महत्व होता है। वहीं मंचन के दौरान जब प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण अयोध्या छोडक़र वन की ओर प्रस्थान करते हैं, तो अयोध्यावासियों का विलाप बेहद मार्मिक रहा। दृश्य का प्रभाव इतना गहरा था कि मंच पर मौजूद कलाकारों के साथ दर्शक दीर्घा से भी लोग आगे आए और प्रभु श्रीराम को वन जाने से रोकने के लिए उनके चरण पकडऩे लगे।
अपने प्रिय राम को वन जाते देख नगरवासियों की व्याकुलता ने दर्शकों की आंखें नम कर दीं। इसके बाद राम और लक्ष्मण द्वारा बड़ का दूध लगाकर जटाएं धारण करने तथा महामंत्री सुमंत के विलाप के दृश्यों ने भी दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ी। वहीं केवट की भूमिका में नरेश गर्ग ने अपने अभिनय से भक्ति और भावनाओं का ऐसा समन्वय प्रस्तुत किया कि दर्शक प्रसंग से जुडक़र रह गए।
प्रभु श्रीराम के चरण धोने के दौरान उनकी श्रद्धा, संवादों में झलकती विनम्रता और भगवान के प्रति उनके प्रेम ने दृश्य को जीवंत बना दिया। नाव में प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण को बैठाकर गंगा पार कराने के दौरान भी नरेश गर्ग ने अपने अभिनय की छाप छोड़ी। गंगा पार कराने के दृश्य में मंच सज्जा प्रबंधक अरुण करुड़वाल व सोमनाथ सोमी ने नाव का सजीव दृश्य तैयार कर मंचन को और प्रभावशाली बनाया।
वहीं रामलीला के अगले प्रसंग में राजा दशरथ अपने अंतिम समय में श्रवण कुमार और उनके माता-पिता द्वारा दिए गए श्राप को याद कर व्याकुल हो उठते हैं। पुत्र श्रीराम के वियोग में उनका विलाप और अंतत: प्राण त्यागने का दृश्य इतना मार्मिक रहा कि दर्शकों की आंखें नम हो गईं। इस प्रसंग ने माता-पिता और संतान के अटूट प्रेम तथा वियोग की पीड़ा को जीवंत कर दिया। मंचन में प्रभु श्रीराम की भूमिका अमित सिंघल, लक्ष्मण की राजेश वर्मा, माता सीता की विवेक शर्मा, सुमंत की विनोद गर्ग, केवट की नरेश गर्ग, राजा दशरथ की कुश गर्ग, माता कौशल्या की शुभम शर्मा, माता सुमित्रा की अभिनव गोयल तथा गुरु वशिष्ठ की भूमिका राजू बड़ौंदी ने निभाई।
