लाडवा रामलीला में बाली वध और राम-हनुमान मिलन का मंचन
लाडवा रामलीला के 12वें दिन राम-हनुमान मिलन, बाली वध और सुग्रीव राजतिलक का मंचन हुआ। संजय गर्ग ने आरती की। जानें कलाकारों और प्रमुख प्रसंगों की जानकारी।
रामलीला में राम-हनुमान मिलन व बाली वध का हुआ प्रभावशाली मंचन सुग्रीव ने हनुमान जी को माता सीता की खोज के लिए किया रवाना [लाडवा, 16](https://www.google.com/maps/search/%E0%A4%B2%E0%A4%BE%E0%A4%A1%E0%A4%B5%E0%A4%BE,+16?entry=gmail&source=g) अक्टूबर (मानव गर्ग): लाडवा के ठाकुरी देवी स्कूल के बाहर स्थित रामलीला मैदान में श्री राम हनुमान रामलीला समिति की ओर से आयोजित रामलीला के बारहवें दिन राम-हनुमान मिलन, सुग्रीव मित्रता, बाली वध और माता सीता की खोज से जुड़े प्रसंगों का भावपूर्ण मंचन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि फूड ग्रेन डीलर्स एसोसिएशन के प्रधान संजय गर्ग ने हनुमान जी की आरती करके किया। वहीं युवा अग्रवाल सभा के प्रधान हिमांशु गोयल के नेतृत्व में सभा के सदस्यों ने हनुमान जी की झांकी के समक्ष सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया। मुख्यातिथि संजय गर्ग ने कहा कि वर्तमान समय में नई पीढ़ी तक नैतिक मूल्यों और संस्कारों को पहुंचाना बेहद जरूरी है। भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग, कर्तव्य, मित्रता और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि रामलीला जैसे धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ समाज को अच्छे संस्कार भी प्रदान करते हैं। श्री राम हनुमान रामलीला समिति आधुनिक तकनीक और संसाधनों के माध्यम से मंचन को आकर्षक बनाने का सराहनीय प्रयास कर रही है। वहीं मंचन की शुरुआत शबरी प्रसंग से हुई, इसके बाद माता सीता की खोज में निकले भगवान श्रीराम और हनुमान जी के मिलन का मंचन हुआ। इसके पश्चात राम-सुग्रीव मित्रता के प्रसंग के माध्यम से विश्वास, सहयोग और सच्ची मित्रता की महत्ता को दर्शाया गया। वहीं मंचन का एक महत्वपूर्ण प्रसंग उस समय देखने को मिला, जब सुग्रीव ने भगवान श्रीराम और लक्ष्मण को माता सीता के आभूषण दिखाए। लक्ष्मण द्वारा केवल माता सीता के पैरों के आभूषण पहचानने के दृश्य ने भारतीय संस्कृति में नारी के प्रति सम्मान, मर्यादा और आदर्श आचरण का संदेश दिया। इसके बाद सुग्रीव और बाली के बीच हुए युद्ध तथा भगवान श्रीराम द्वारा बाली वध का सशक्त मंचन किया गया। बाली वध के पश्चात भगवान श्रीराम के उपदेशों के माध्यम से धर्म, न्याय और कर्तव्य की महत्ता को प्रस्तुत किया गया। इसके बाद सुग्रीव के राजतिलक का दृश्य दिखाया गया, जिसने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं रामलीला का एक विशेष आकर्षण वह प्रसंग रहा, जब महाराज सुग्रीव ने माता सीता की खोज के लिए हनुमान जी को दक्षिण दिशा में रवाना किया। रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। वहीं मंचन में भगवान श्रीराम की भूमिका अमित सिंघल, लक्ष्मण की भूमिका राजेश वर्मा, शबरी की भूमिका शिवांश कंबोज, हनुमान जी की भूमिका राकेश कंबोज, सुग्रीव की भूमिका नरेश गर्ग, बाली की भूमिका हेमंत सैनी, तारा की भूमिका अभिनव गोयल, छोटे अंगद की भूमिका प्रजन्य सिंघल, जामवंत की भूमिका गौरव कालड़ा तथा मंत्री की भूमिका वैभव नोनू ने निभाई।