धान खरीद में अव्यवस्थाओं से किसान परेशान, भाजपा सरकार के दावों की खुली पोल: मेवा सिंह
लाडवा, 9 अक्टूबर (मानव गर्ग): कुरुक्षेत्र जिले के कांग्रेस जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक मेवा सिंह ने शुक्रवार को लाडवा अनाजमंडी का निरीक्षण कर धान की खरीद और उठान व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंडी में किसानों को पेश आ रही समस्याओं को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।
जिलाध्यक्ष मेवा सिंह ने शुक्रवार को पूर्व प्रधान अवतार सिंह की दुकान पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार किसानों की धान खरीद व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। किसान अपनी फसल बेचने के लिए मंडियों में भटकने को मजबूर हैं, जबकि सरकार की ओर से बार-बार सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त होने और किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदने के दावे किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि धान की खरीद और उठान में देरी के कारण किसान, आढ़ती और व्यापारी सभी परेशान हैं। सरकार की नीतियों और प्रक्रियाओं में किसान इस कदर उलझ गया है कि वह न तो अपनी अगली फसल की तैयारी कर पा रहा है और न ही अनाजमंडी में लाई गई धान की फसल को समय पर बेच पा रहा है।
किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए कई-कई दिन इंतजार करना पड़ रहा है। इससे उनकी परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि अनाजमंडी में धान की अधिक आवक के बीच खरीद और उठान की गति धीमी होने से स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। मंडी में धान रखने के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध करवाने और पहले से खरीदी गई फसल का समय पर उठान करने की व्यवस्था दुरुस्त नहीं हो पा रही। हालात ऐसे बन गए हैं कि मंडी के व्यापारियों को मजबूरी में किसानों से दो दिन तक अपनी धान की फसल मंडी में नहीं लाने की अपील करनी पड़ रही है। यह स्थिति सरकार की खरीद व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि मंडी में किसान अपनी फसल लेकर पहुंचता है तो उसे उम्मीद रहती है कि उसकी उपज की खरीद होगी और वह समय पर अपनी फसल बेचकर घर लौट सकेगा। लेकिन खरीद और उठान में देरी के कारण किसानों को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मंडियों में अव्यवस्थाओं का खामियाजा सीधे तौर पर अन्नदाता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से लेकर कृषि मंत्री तक लाडवा अनाज मंडी का दौरा कर चुके हैं। इस दौरान किसानों और व्यापारियों को आश्वासन दिया गया था कि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी और धान का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर हालात में अपेक्षित सुधार दिखाई नहीं दे रहा। यदि सरकार के दावे सही हैं तो फिर किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए इंतजार क्यों करना पड़ रहा है और मंडी के व्यापारियों को धान की आवक रोकने की अपील क्यों करनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को केवल आश्वासन देने के बजाय खरीद और उठान की व्यवस्था को प्रभावी बनाना चाहिए। मंडी में खरीदी गई धान का समय पर उठान करवाया जाए, ताकि किसानों की नई फसल के लिए जगह उपलब्ध हो सके और आढ़तियों को भी अपना काम सुचारू रूप से करने में परेशानी न हो। मौके पर अश्वनी शर्मा, राकेश खुराना, सुमित बंसल, गुरदेव सूरा सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।
