लायंस क्लब के पूर्व प्रधान विशाल गर्ग के निवास पर हुई नुक्कड़ सभा
लाडवा, 9 अक्टूबर (मानव गर्ग): महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह को भव्य रूप से मनाने और समाज के अधिक से अधिक परिवारों को इससे जोडऩे के उद्देश्य से अग्रवाल सभा लाडवा की ओर से विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को वार्ड नंबर-11 में लायंस क्लब के पूर्व प्रधान विशाल गर्ग के निवास पर नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। इसमें महाराजा अग्रसेन और माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना के साथ सत्संग किया गया।
प्रोजेक्ट चेयरमैन डॉ. अमृत गर्ग ने कहा कि इस बार महाराजा अग्रसेन जयंती को पूरे समाज के सहयोग और सहभागिता से मनाने की योजना बनाई गई है। इसके तहत 11 अक्टूबर से 18 अक्टूबर तक प्रतिदिन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज के लोगों को एकजुट करना और महाराजा अग्रसेन के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से समाज के परिवारों को जयंती समारोह में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
महाराजा अग्रसेन ने समाज को समानता, सेवा, सहयोग और परोपकार का संदेश दिया था। उनके आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत से जोडऩा समय की आवश्यकता है। ऐसे आयोजनों से सामाजिक एकता मजबूत होती है और नई पीढ़ी को महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है। उन्होंने समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे 11 से 18 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़-चढक़र भाग लें और महाराजा अग्रसेन जयंती को सामूहिक सहभागिता के साथ सफल बनाएं। मौके पर प्रधान विकास सिंघल, सचिव दुर्गेश गोयल, युवा प्रधान हिमांशु गोयल, समाजसेवी कपिल गर्ग, अमित कंसल, हरविलास गर्ग, अनिल गर्ग, अमन गर्ग, नरेश गर्ग, संजय गर्ग, चैतन्य गर्ग, योगराज गर्ग, सुरेंद्र सिंगला आदि मौजूद रहे।
