हरियाणा के छोटे से गांव की मिट्टी में पली-बढ़ी बेटी ने एम्स में लहराया सफलता का परचम, सिल्वर मेडल जीतकर रचा इतिहास
हरियाणा की युवा प्रतिभा निरंतर कड़ी मेहनत और अनुशासन की बदौलत देश-दुनिया में अपनी विशिष्ट पहचान बना रही है। यहां गांव की मिट्टी में पली-बढ़ी नारनौल के छोटे से गांव तोताहेड़ी की बेटी नेहा लोहचब ने भारत देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। उनकी यह उपलब्धि केवल परिवार ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र और गांव के लिए गर्व का विषय बन गई है। अजीत सिंह की बेटी नेहा लोहचब ने अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प से ऐतिहासिक गौरवगाथा लिखी है।
<strong>जनरल सर्जरी में सिल्वर मेडल </strong>
नेहा ने NEET-UG 2020 में 720 में से 651 अंक हासिल कर चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने एम्स बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश से MBBS की पढ़ाई पूरी की और इसी संस्थान से अपनी उच्च चिकित्सा शिक्षा का सफर जारी रखा।
जनरल सर्जरी में द्वितीय स्थान हासिल करने पर नेहा लोहचब को सिल्वर मेडल से सम्मानित किया गया। 6 अक्टूबर 2026 को एम्स बिलासपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में उन्हें भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के करकमलों से डिग्री प्रदान की गई। यह क्षण उनके माता-पिता, परिवार और तोताहेड़ी गांव के लिए अविस्मरणीय गौरव का अवसर रहा। ग्रामीणों ने इस अवसर पर उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
नेहा अब पीडियाट्रिक सर्जरी (बाल शल्य चिकित्सा) के क्षेत्र में उच्च चिकित्सा शिक्षा हासिल कर रही हैं। उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि सपने गांवों में भी जन्म लेते हैं, बस उन्हें सच करने के लिए हौसला, मेहनत और निरंतर संघर्ष चाहिए। डॉ. नेहा लोहचब ने अपनी सफलता से न केवल माता-पिता का सिर गर्व से ऊँचा किया है, बल्कि क्षेत्र की बेटियों के लिए भी एक नई प्रेरणा और उम्मीद का दीप जलाया है।
