पलवल में क्राइम ब्रांच और बदमाशों के बीच मुठभेड़; दो बदमाशों को लगी गोली, चार गिरफ्तार

पलवल में क्राइम ब्रांच और बदमाशों के बीच मुठभेड़; दो बदमाशों को लगी गोली, चार गिरफ्तार
 

हरियाणा के पलवल में क्राइम ब्रांच की टीम और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पृथला गांव के पास छपरौला के जंगलों में हुई इस मुठभेड़ में दो बदमाशों को गोली लगी है, जिन्हें अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। जबकि उनके दो अन्य साथियों को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। 

<strong>क्या है पूरा मामला ?</strong>

चारों बदमाश पंजाब के रहने वाले बताए जा रहे है। घायल बदमाशों की पहचान पटियाला के हाथी नगला निवासी लकी और पटियाला के ही बरवाला निवासी रोशन आचार्य के रूप में हुई है। दोनों बदमाशों पर पंजाब में एनडीपीएस और मारपीट के करीब 6 केस दर्ज हैं। वहीं उनके दो अन्य साथी बरवाला निवासी सन्नी और खुशप्रीत को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

<strong>स्विफ्ट कार में घूम रहे थे आरोपी </strong>

जानकारी के अनुसार पलवल क्राइम ब्रांच की टीम को कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि केएमपी एक्सप्रेसवे रोड पर संदिग्ध स्विफ्ट कार जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। तभी आरोपी केएमपी से उतरकर नेशनल हाईवे-19 पर मथुरा से दिल्ली की ओर भाग गए। क्राइम ब्रांच की टीम ने पीछा किया तो उन्होनें कार को गदपुरी थाना क्षेत्र के पृथला गांव के पास छपरौला के जंगल की तरफ मोड़ दिया।

<strong>बदमाशों ने पुलिस पर की फायरिंग</strong>

पुलिस की टीम भी आरोपियों के पीछे जंगल पहुंची। तभी जंगल में छिपकर बदमाशों ने पुलिस पर सीधी फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायर किए। इस दौरान दोनों तरफ से ही फायरिंग में दो बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गए। पुलिस ने चारों बदमाशों को मौके पर ही दबोच लिया। घायल बदमाशों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पलवल में भर्ती कराया गया है। वहीं दो अन्य बदमाशों से पुलिस पूछताछ कर रही है।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles