पंचकूला के सरकारी स्कूल में खौफनाक वारदात: 3rd क्लास के छात्र ने 6 साल की मासूम पर ईंट से किए 12 वार, PGI में हालत नाजुक
पंचकूला। सेक्टर-20 स्थित एक सरकारी स्कूल में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले 9-10 साल के एक छात्र ने नर्सरी की 6 वर्षीय बच्ची पर क्लासरूम के अंदर बेरहमी से हमला कर दिया। गुस्से में आए छात्र ने ईंट से मासूम बच्ची के चेहरे और सिर पर एक के बाद एक कई वार किए, जिससे बच्ची लहूलुहान होकर बेहोश हो गई। गंभीर रूप से घायल बच्ची का पीजीआई चंडीगढ़ (PGI Chandigarh) के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
टीचर्स की कमी के कारण एक ही क्लास में बैठे थे बच्चे
घटना 28 अक्टूबर की शाम की बताई जा रही है। स्कूल में उस समय इवनिंग शिफ्ट की क्लास चल रही थी। शिक्षकों की कमी के चलते अलग-अलग कक्षाओं के बच्चों को एक ही कमरे में बिठाया गया था, जो पहली मंजिल पर स्थित है। किसी बात को लेकर दोनों बच्चों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपी छात्र आपा खो बैठा और उसने बच्ची पर हमला कर दिया।
छुट्टी के वक्त हुआ खुलासा, ऑटो चालक को हुआ शक
घटना के समय क्लासरूम में कोई शिक्षक मौजूद नहीं था, जिसके चलते स्कूल प्रबंधन को इस वारदात की भनक तक नहीं लगी। शाम को जब बच्ची को घर ले जाने वाला ऑटो चालक स्कूल पहुंचा और बच्ची बाहर नहीं आई, तो उसने तुरंत पिता को फोन किया। पिता के स्कूल पहुंचने पर जब उन्होंने उसी छात्र से पूछा, तो उसने बताया कि बच्ची घायल हालत में क्लास में पड़ी है। परिजनों ने तुरंत बच्ची को सेक्टर-6 के अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
वायरल वीडियो से सामने आई बर्बरता
घटना का एक सीसीटीवी/मोबाइल वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि वारदात के समय क्लास पूरी तरह खाली थी। आरोपी छात्र पहले बच्ची को थप्पड़ और किक मारता है, फिर उसका सिर बेंच पर पटकता है। इसके बाद वह कहीं से ईंट लाकर बच्ची के सिर और चेहरे पर लगातार वार करता है। सूत्रों के मुताबिक, छात्र ने बच्ची पर कम से कम 12 वार किए और उसे फर्श पर घसीटा।
पुलिस और स्कूल प्रशासन पर मामला दबाने का आरोप
आरोप है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद स्कूल प्रशासन और स्थानीय पुलिस ने दो दिन तक मामले को दबाए रखा। हालांकि पुलिस का कहना है कि वे मामले की जांच कर रहे थे। सेक्टर-20 थाना प्रभारी यशदीप के अनुसार, स्कूल प्रबंधन से फुटेज और घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी मांगी गई है और मामले की जांच जारी है।