IAS सुशील सारवान की सादगी ने जीता दिल! रिटायरमेंट पर ड्राइवर को खुद कार चलाकर घर छोड़ने पहुंचे, पेश की मिसाल

सरकारी दफ्तरों में अमूमन अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच औपचारिक संबंध ही देखने को मिलते हैं, लेकिन हरियाणा विकास एवं पंचायत विभाग के निदेशक एवं आईएएस अधिकारी सुशील सारवान ने अपने अनूठे व्यवहार से मानवीय संवेदनाओं और सम्मान की एक मिसाल कायम की है।
 

<strong>पंचकूला। </strong>सरकारी दफ्तरों में अमूमन अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच औपचारिक संबंध ही देखने को मिलते हैं, लेकिन हरियाणा विकास एवं पंचायत विभाग के निदेशक एवं आईएएस अधिकारी सुशील सारवान ने अपने अनूठे व्यवहार से मानवीय संवेदनाओं और सम्मान की एक मिसाल कायम की है।

उन्होंने हरियाणा रूरल डेवलपमेंट फंड (HRDF) बोर्ड में ड्राइवर के पद से सेवानिवृत्त हुए यब्बू प्रसाद पांडे को विदाई के दिन खुद गाड़ी चलाकर सम्मानपूर्वक उनके घर तक पहुंचाया। आईएएस अधिकारी की इस सादगी, विनम्रता और अपनत्व की प्रशासनिक हलकों और कर्मचारियों के बीच जमकर तारीफ हो रही है।

<strong>33 साल से अधिक की सेवा के बाद हुए सेवानिवृत्त</strong>

यब्बू प्रसाद पांडे ने 28 अप्रैल 1993 को हरियाणा सरकार में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। करीब 33 वर्ष और 6 महीने का लंबा सेवाकाल पूरा करने के बाद वे 31 अक्टूबर 2026 को सेवानिवृत्त हो गए।

अपने पूरे कार्यकाल के दौरान उन्होंने राज्य के कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों, मुख्य सचिवों और अतिरिक्त मुख्य सचिवों के साथ काम किया और अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाया।

<strong>भावुक विदाई: "रिश्ते कभी सेवानिवृत्त नहीं होते"</strong>

अपने विदाई भाषण में पांडे ने कहा कि सरकारी नौकरी उनके लिए महज एक रोजगार नहीं, बल्कि उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रही। इस दौरान उन्हें अधिकारियों से बहुत कुछ सीखने को मिला।

उन्होंने अपने सेवाकाल में साथ रहे कई पूर्व वरिष्ठ अधिकारियों (आरके तेजा, आरके वर्मा, हरदीप कुमार, अमित झा, अनुराग रस्तोगी, उर्वशी गुलाटी, राम निवास सहित अन्य) के प्रति आभार जताया। उन्होंने भावुक होकर कहा, "भले ही मैं सरकारी जिम्मेदारियों से सेवानिवृत्त हो रहा हूं, लेकिन अधिकारियों और सहकर्मियों के साथ बने रिश्ते जीवन भर कायम रहेंगे।"

<strong>सादगी और सम्मान की चर्चा</strong>

निदेशक सुशील सारवान का खुद गाड़ी चलाकर अपने अधीनस्थ कर्मचारी को घर छोड़ने जाना महज एक विदाई की औपचारिकता नहीं थी, बल्कि एक निष्ठावान कर्मचारी के समर्पण के प्रति सम्मान का प्रतीक बन गया। उनका यह कदम यह संदेश देता है कि पद चाहे जो भी हो, आपसी सम्मान और आत्मीयता ही किसी भी संस्थान की असली ताकत होती है।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles