पंचकूला में ₹70 हजार की रिश्वत लेता रजिस्ट्री क्लर्क गिरफ्तार, प्रॉपर्टी डीलर से मांगे थे ₹1.20 लाख

पंचकूला में ₹70 हजार की रिश्वत लेता रजिस्ट्री क्लर्क गिरफ्तार, प्रॉपर्टी डीलर से मांगे थे ₹1.20 लाख
 

हरियाणा के पंचकूला में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने यहां रायपुररानी तहसील में तैनात रजिस्ट्री क्लर्क को 70 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी क्लर्क ने एक प्रॉपर्टी डीलर से रजिस्ट्री के बदले रिश्वत की मांग की थी। एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ में जुटी हुई है।

आरोपी की पहचान सोनीपत निवासी अमित के रूप में हुई है। अमित रायपुररानी तहसील में रजिस्ट्री क्लर्क के पद पर तैनात है। मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में हरयोली गांव निवासी अनवर खान ने एसीबी को शिकायत दी। उसने बताया कि वह अपने प्रॉपर्टी डीलर दोस्त कर्म सिंह के साथ रजिस्ट्री के सिलसिले में आरोपी अमित से मिले थे।

<strong>1.20 लाख रुपये में तय हुआ मामला</strong>

उन्होंने अमित को बताया था कि एक शोरूम और दो कनाल जमीन की रजिस्ट्री होनी है। लेकिन इस काम के बदले अमित से उनसे करीब डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत मांगी। बाद में बातचीत करके 1.20 लाख रुपए में सौदा तय हुआ। आरोपी ने नायब तहसीलदार के नाम पर ये रिश्वत मांगी थी। सौदा तय होने के दौरान अमित ने कहा था कि रकम का बड़ा हिस्सा नायब तहसीलदार को दिया जाएगा।

शिकायतकर्ता ने बताया कि अमित ने उनसे 50 हजार रुपए पहले ही एडवांस में ले लिए थे। वह बाकी के बचे पैसे भी मांग रहा था। जिसके बाद अनवर ने इसकी सूचना एसीबी की टीम को दी। सूचना मिलने के बाद ACB की टीम ने तुरंत कार्रवाई की। टीम ने पूरी योजना के तहत अनवर खान को पैसे देकर अमित के पास भेजा।

<strong>70 हजार रिश्वत लेता रजिस्ट्री क्लर्क गिरफ्तार</strong>

आरोपी ने अनवर को 70 हजार रुपये उसकी गाड़ी में रखने को कहां और फिर रिश्वत की रकम लेकर वह अपने ऑफिस चला गया। इसके बाद ACB टीम आरोपी का पीछा करते हुए उसके ऑफिस पहुंची। टीम ने आरोपी को 70 हजार की रिश्वत के साथ काबू किया। टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली है। एसीबी की जांच में अभी नायब तहसीलदार की भूमिका स्पष्ट नहीं हुई है। फिलहाल टीम इस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles