हरियाणा के पानीपत में बनेगा रिंग रोड, कई नए फ्लाईओवर और अंडरपास बनाने की तैयारी

हरियाणा के पानीपत में रिंग रोड, नए फ्लाईओवर और अंडरपास समेत 5 बड़ी सड़क परियोजनाओं की DPR तैयार होगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मंत्री महीपाल ढांडा की मांगों पर अधिकारियों को निर्देश दिए।
 

हरियाणा के शिक्षामंत्री महीपाल ढांडा ने सोमवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट कर पानीपत के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने से जुड़ी पांच महत्वपूर्ण परियोजनाओं के प्रस्ताव उनके समक्ष रखे। ढांडा की इन मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सभी पांचों परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

मुलाकात के उपरांत शिक्षामंत्री महीपाल ढांडा ने बताया कि पानीपत एक प्रमुख औद्योगिक, व्यापारिक और ऐतिहासिक नगरी है, जहां लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए सड़क एवं फ्लाईओवर तंत्र का विस्तार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री के समक्ष शहर की ट्रैफिक समस्या के स्थायी समाधान हेतु पांच प्रमुख मांगें रखीं। इनमें शहर से भारी वाहनों का दबाव कम करने के लिए रिंग रोड के निर्माण, सेक्टर-13-17 फ्लाईओवर से बाबरपुर फ्लाईओवर तक नए फ्लाईओवर के साथ-साथ एल्डिको के सामने अंडरपास बनाने का प्रस्ताव प्रमुख है। इसके अतिरिक्त, बरसत रोड से दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालकों की सुविधा के लिए पानीपत फ्लाईओवर पर एंट्री रैंप तथा नाथू स्वीट्स के सामने एग्जिट रैंप बनाने की मांग भी रखी गई, ताकि लोगों को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।

<strong>पांचों प्रमुख परियोजनाएं</strong>

  1. पानीपत में रिंग रोड का निर्माण।
  2. सेक्टर-13-17 फ्लाईओवर से बाबरपुर फ्लाईओवर तक नया फ्लाईओवर।
  3. एल्डिको के सामने अंडरपास।
  4. पानीपत फ्लाईओवर पर एंट्री और एग्जिट रैंप।
  5. बाबरपुर मंडी के सामने फ्लाईओवर और अनाज मंडी के सामने सुरक्षित यू-टर्न।

किसानों और व्यापारियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए ढांडा ने बाबरपुर मंडी के सामने एक नए फ्लाईओवर के निर्माण तथा जी.टी. रोड पर पानीपत अनाज मंडी के सामने दोनों तरफ सुरक्षित यू-टर्न बनाने का प्रस्ताव भी केंद्रीय मंत्री को सौंपा। शिक्षामंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से शहरवासियों, किसानों और आढ़तियों को रोजमर्रा के जाम से बड़ी राहत मिलेगी और औद्योगिक गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए महीपाल ढांडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कुशल नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के आपसी समन्वय से पानीपत शीघ्र ही आधुनिक यातायात सुविधाओं से युक्त एक विकसित शहर के रूप में उभरेगा।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles