रेवाड़ी में दो ट्रालों की टक्कर के बाद लगी भीषण आग, एक ड्राइवर की जलकर मौत, दूसरा घायल
हरियाणा के रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां मसानी बैराज के पास शुक्रवार अलसुबह दो ट्रालों की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर के बाद एक ट्राले में आग लगी और चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह दोनों ट्राले दिल्ली- जयपुर हाईवे से गुजर रहे थे। तभी मसानी बैराज के पास आगे चल रहे ट्राला चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। तभी पीछे आ रहा ट्राला अनियंत्रित होकर उससे टकरा गया। टक्कर के बाद एक ट्राले में आग लग गई और आसपास अफरा- तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़िया और पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। दमकलकर्मियों की कड़ी मश्क्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक जिस ट्राले में आग लगी उसके चालक की जलने से मौत हो चुकी थी। जबकि दूसरा ट्राला चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
इस मामले में धारूहेड़ा थाना प्रभारी फूल सिंह ने बताया कि आज सुबह सूचना मिली कि जयपुर-दिल्ली हाईवे पर हादसे के बाद एक ट्राले में आग लग गई। आग लगने से उसमें चालक की जिंदा जलकर मौत हो गई। जिसकी अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस ने गाड़ी के मालिक को सूचित कर दिया गया है। पुलिस मृतक की पहचान करने और हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है।
