रेवाड़ी एबीवीपी द्वारा युवती सम्मेलन ‘वीरांगना’ का भव्य आयोजन
अटल हिन्द/मनोज गोयल
रेवाड़ी, 8 अक्टूबर
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, रेवाड़ी के तत्त्वावधान में जिला मुख्यालय स्थित किशनलाल पब्लिक कॉलेज के महिला प्रकोष्ठ के सहयोग से कॉलेज की प्राचार्य डॉ. कविता गुप्ता की अध्यक्षता में “युवती सम्मेलन – वीरांगना” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन श्रीमती उषा प्रियदर्शी ने मुख्य अतिथि तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचारक प्रदीप जी ने मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित होकर युवतियों को संबोधित किया।
कार्यक्रम में श्रीमती उषा रुस्तगी जी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। जिला प्रचारक ने अपने संबोधन में “पंच परिवर्तन” के विषय पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक एवं रचनात्मक परिवर्तन के लिए प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक जागरूकता, संस्कार एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। मुख्य अतिथि श्रीमती उषा प्रियदर्शी जी ने नारी सशक्तिकरण के विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि आज महिलाएं समाज के प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं।
उन्होंने युवतियों को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। सम्मेलन मे महिला सशक्तिकरण से संबंधित संस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। साथ ही महिलाओं के लिए सेल्फ डिफेन्स की ट्रैनिंग भी इस दौरान दी गई l इस अवसर पर विभाग प्रमुख डॉ. दिनेश शर्मा, डॉ. नवनीत, विभाग संयोजक युधिष्ठिर, जिला संगठन मंत्री परमिंदर सैनी, जिला प्रमुख संजय, जिला संयोजक विनीत यादव, अन्नू यादव, जिला छात्रा प्रमुख, गरिमा कौशिक, कनुप्रिया, उर्वशी, साक्षी, प्रिया खत्री, तरुण यादव सहित अनेक कार्यकर्ता एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन मे कॉलेज की महिला प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ. ममता शर्मा, सदस्य डॉ. ऋचा शर्मा, डॉ. मोनिका, डॉ. दिव्या, डॉ. शिक्षा तथा डॉ. मंजू गर्ग आदि का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवतियों को आत्मनिर्भरता, नारी सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रेरित करना रहा।
