विद्यार्थियों ने किया योगाभ्यास, जिला योग प्रभारी नरेश यादव ने बताए स्वस्थ जीवन के उपाय
गांव गुडियानी स्थित न्यू एरा वर्ल्ड स्कूल में प्रातःकालीन प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों के लिए योग एवं प्राणायाम अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया। पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी एवं विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल डहिना के संचालक नरेश यादव ने विद्यार्थियों को योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। नरेश यादव ने विद्यार्थियों को योगिंग-जॉगिंग, सूर्य नमस्कार, विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया।
उन्होंने सूर्य नमस्कार की 12 क्रियाओं की जानकारी देते हुए कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। शिक्षा के साथ विद्यार्थियों का शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहना भी आवश्यक है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मंडूकासन, मकरासन, शीर्षासन, ताड़ासन और भुजंगासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। वहीं अनुलोम-विलोम, कपालभाति, उज्जयी, भस्त्रिका एवं भ्रामरी प्राणायाम भी करवाए गए। ओम के उच्चारण के साथ ध्यान का अभ्यास कराते हुए उन्होंने एकाग्रता और मानसिक शांति के महत्व पर प्रकाश डाला।
नरेश यादव ने विद्यार्थियों से फास्ट फूड एवं जंक फूड से दूरी बनाकर संतुलित एवं पौष्टिक आहार अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नियमित योग, प्राणायाम और अनुशासित दिनचर्या स्वस्थ जीवन की मजबूत नींव है। उन्होंने योग के प्रचार-प्रसार में योग गुरु बाबा रामदेव के योगदान का उल्लेख करते हुए सभी से प्रतिदिन योग करने की अपील की।
विद्यालय की निर्देशिका शीला देवी ने नरेश यादव का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की शिक्षा के साथ उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देना भी जरूरी है। विद्यालय की प्राचार्या शीतल यादव ने कहा कि नरेश यादव शिक्षा के साथ योग के प्रचार-प्रसार में भी सराहनीय कार्य कर रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन एवं स्टाफ की ओर से उनका अभिनंदन किया गया तथा विद्यार्थियों के जीवन में योग को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।
