हरियाणा में रोडवेज कर्मियों ने किया बड़ा ऐलान, इस दिन करेंगें प्रदेशव्यापी हड़ताल
<strong>Haryana Roadways : </strong>हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा में दीवाली से पहले रोडवेज कर्मी बसों का चक्का जाम करने जा रहे हैं। रोडवेज कर्मचारियों का एक बार फिर से गुस्सा फूटेगा, जिसके चलते बस यात्रियों को दो दिन परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा ने मांगों को लेकर 5 और 6 नवंबर को दो दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है। इसकी तैयारियों के तहत प्रदेश के सभी डिपो में गेट मीटिंग आयोजित कर कर्मचारियों को एकजुट किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, यूनियन हरियाणा के वरिष्ठ नेता निशान सिंह, जयबीर घणघस और अनूप लाठर ने कहा कि यह हड़ताल केवल कर्मचारियों के हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकारी परिवहन व्यवस्था, सस्ती यात्रा और युवाओं के रोजगार को बचाने की लड़ाई है।
इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि निजी परमिट, किलोमीटर स्कीम और महंगी ठेके की इलेक्ट्रिक बसों के माध्यम से रोडवेज को कमजोर किया जा रहा है। अनूप लाठर ने यह भी कहा कि निजी सोसाइटी की बसों में बुजुर्गों, छात्रों और महिलाओं को सरकारी बसों जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
बताया जा रहा है की यूनियन की ओर से सरकार को सात सूत्रीय मांग पत्र सौंपा जा चुका है।
इस मांग पत्र में सरकारी बसों का बेड़ा बढ़ाने, स्थायी भर्ती करने और लंबित आर्थिक मांगें लागू करने की मांग शामिल है। इसके अलावा कर्मचारियों की अन्य प्रमुख मांगों में चालकों व परिचालकों का पे-ग्रेड बढ़ाना, उपनिरीक्षकों के रिक्त पदों पर पदोन्नति, 2016 में भर्ती चालकों को पक्का करना, बकाया बोनस देना, हरियाणा कौशल रोजगार निगम के कर्मचारियों को नियमित करना, काटी गई अर्जित छुट्टियां बहाल करना और जोखिम भत्ता देना शामिल है।
