मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंडियों में फसल की खरीद व उठान की समीक्षा की
कहा, अधिकारी सुनिश्चित करें कि फसल बिक्री के दौरान किसानों को न हो कोई असुविधा
स्थानीय स्तर पर जिला के प्रशासनिक सचिव संजय जून ने अधिकारियों के साथ मंडियों में जारी फसल खरीद व उठान की समीक्षा की
रोहतक,
प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपायुक्तों तथा जिलों में तैनात प्रशासनिक सचिवों के साथ खरीफ खरीद सीजन 2026-27 में धान व बाजरा फसल की आवक, खरीद व उठान की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि खरीफ खरीद सीजन के दौरान किसानों को मंडियों में फसल बिक्री में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। स्थानीय स्तर पर जिला के प्रशासनिक सचिव एवं फरीदाबाद मंडल के आयुक्त संजय जून ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत स्थानीय लघु सचिवालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में संबंधित अधिकारियों की बैठक में फसलों की खरीद व उठान की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे सरकार की हिदायतों अनुसार मंडियों का दौरा कर फसलों की खरीद व उठान की निगरानी करें। सरकार द्वारा धान व बाजरा फसल के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किया गया है तथा बाजरा के लिए सरकार द्वारा 600 रुपये प्रतिक्विंटल की राशि भावांतर भरपाई योजना के अंतर्गत संबंधित किसानों को उपलब्ध करवाई जा रही है। जिला के प्रशासनिक सचिव संजय जून ने कहा कि वर्षा के दृष्टिगत मंडियों में सभी आवश्यक प्रबंध किये जाये ताकि किसानों की फसल सुरक्षित रहे। उन्होंने कहा कि मंडियों में फसल लाने वाले किसानों को मंडी के प्रवेश द्वार पर गेट पास जारी किये जाये। उन्होंने कहा कि अधिकारी सरकार के निर्देशानुसार फसल खरीद के उपरांत समय पर उठान भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मंडियों में तैनात किये गये वरिष्ठ अधिकारी समय-समय पर मंडियों का दौरा कर खरीद व उठान की समीक्षा करें ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में सांपला की उपमंडलाधीश अंकिता पुवार, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, उपमंडलाधीश आशीष कुमार एवं विपिन कुमार, रोहतक सहकारी चीनी मिल की प्रबंध निदेशक श्वेता सुहाग, महम सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक मुकुल तंवर, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, कृषि उपनिदेशक डॉ सुरेंद्र मलिक, जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक मनीषा मेहरा सहित सभी खरीद एजेंसियों, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड तथा मार्केट कमेटियों के सचिव मौजूद रहे।
