हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की राज्य स्तरीय परियोजना के तहत एस.बी. मॉडल विद्यालय में आयोजित हुई कार्यशाला

हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की राज्य स्तरीय परियोजना के तहत एस.बी. मॉडल विद्यालय में आयोजित हुई कार्यशाला
 

बच्चों को डराने या दूसरों से तुलना करने के बजाय उनके प्रयासों की सराहना करें अभिभावक 

रोहतक,

हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की राज्य स्तरीय परियोजना के तहत भिवानी-कलानौर रोड स्थित एस.बी. मॉडल विद्यालय परिसर में पूर्व स्थापित राज्य के 196वें मनोवैज्ञानिक बाल सलाह, परामर्श एवं कल्याण केंद्र के अंतर्गत ‘खुशहाल पालन-पोषण का मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण’ विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में रोहतक मंडल बाल कल्याण अधिकारी एवं राज्य नोडल अधिकारी अनिल मलिक ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए बच्चों के सर्वांगीण विकास में सकारात्मक पारिवारिक वातावरण, भावनात्मक समझ और प्रभावी संवाद के महत्व पर प्रकाश डाला।

अनिल मलिक ने कहा कि यदि किसी कैनवास पर ‘मैं खुश, तुम खुश और हम सभी खुश’ की भावना को दर्शाती तस्वीर बनाई जाए, तो वह सकारात्मक मनोविज्ञान के मूल सिद्धांतों का प्रतिनिधित्व करेगी। उन्होंने कहा कि बच्चों के मन पर सबसे पहला और गहरा प्रभाव माता-पिता के स्पर्श, आवाज और व्यवहार का पड़ता है। बचपन से किशोरावस्था तक पहुंचते-पहुंचते बच्चे की भावनाएं, संवाद करने का तरीका और आचरण आकार लेने लगते हैं। इस दौरान परिवार के साथ-साथ बाहरी वातावरण, सामाजिक परिस्थितियां और मित्र समूह भी बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य एवं व्यक्तित्व को प्रभावित करते हैं।

उन्होंने कहा कि खुशहाल पालन-पोषण का आधार परिवार में सकारात्मक, मित्रवत और आपसी समझ पर आधारित अनुशासनात्मक व्यवहार है। माता-पिता को परिवार में ऐसे नियम निर्धारित करने चाहिए, जो बच्चों को डराने के बजाय उन्हें उचित मार्गदर्शन दें तथा आत्म-नियंत्रण और जिम्मेदार व्यवहार सीखने में सहायता करें। बच्चों की तुलना दूसरों से करने के बजाय उनके प्रयासों, मेहनत और उपलब्धियों की सराहना करनी चाहिए। इससे उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और वे बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होते हैं। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों के लिए सहयोगपूर्ण अनुशासन निर्धारित करें और आवश्यक सीमाएं तय करें, लेकिन उन पर अनावश्यक पाबंदियां न लगाएं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय की प्राचार्या कृष्णा रोहिला ने कहा कि बच्चों के उचित मार्गदर्शन के लिए उनके साथ आपसी समझ विकसित करना और संवाद का क्रम बनाए रखना आवश्यक है। अभिभावकों को आसपास के परिवेश पर ध्यान देते हुए बच्चों की जिज्ञासाओं को समझना चाहिए तथा उनके प्रश्नों क उचित उत्तर देकर उन्हें सही दिशा प्रदान करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील व्यवहार और निरंतर संवाद से बच्चों के साथ विश्वासपूर्ण संबंध विकसित किए जा सकते हैं।

कार्यशाला के सफल आयोजन में अलका स्याल सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकों की भूमिका सराहनीय रही। कार्यक्रम के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों के मनोवैज्ञानिक विकास, सकारात्मक अनुशासन, प्रभावी संवाद और खुशहाल पारिवारिक वातावरण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles