विदेशी संपत्तियों के स्वैच्छिक खुलासे के लिए आयकर विभाग ने करदाताओं को किया जागरूक
FAST-DS, 2026 के तहत पात्र करदाताओं को अघोषित विदेशी संपत्तियों का खुलासा करने का मिलेगा एकमुश्त अवसर
आयकर विभाग, रोहतक की ओर से आयोजित जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम में कर विशेषज्ञों, करदाताओं और विभिन्न कर बार एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों ने लिया भाग
रोहतक,
आयकर विभाग, रोहतक की ओर से विदेशी संपत्तियों के खुलासे से संबंधित योजना फॉरेन एसेट्स ऑफ स्मॉल टैक्सपेयर्स–डिस्क्लोजर स्कीम (FAST-DS), 2026 के प्रति करदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन आयकर की प्रधान आयुक्त श्रीमती शिवानी सिंह के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें उन्होंने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम में रोहतक स्थित आयकर विभाग के अधिकारियों के साथ रोहतक, पानीपत, जींद और हिसार की टैक्स बार एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इनमें आयकर बार एसोसिएशन, रोहतक के प्रधान एस.के. जैन तथा जिला टैक्स बार एसोसिएशन के प्रधान शिव गुप्ता सहित अन्य प्रतिनिधि शामिल रहे। इसके अलावा रोहतक प्रभार के प्रमुख करदाताओं में एलपीएस बोसार्ड के प्रबंध निदेशक राजेश जैन, ग्रामीण बैंक, रोहतक के महाप्रबंधक राकेश कुमार तथा रोहताश फास्टनर्स के प्रबंध निदेशक आशीष बंसल ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान आयकर अधिकारी सुमित ने रोहतक प्रधान आयकर आयुक्त कार्यालय के कार्यक्षेत्र से संबंधित जानकारी दी। वहीं, करनाल के संयुक्त आयकर आयुक्त हर्षित बंसल ने FAST-DS, 2026 के उद्देश्यों, पात्रता, प्रयोज्यता और लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह योजना पात्र करदाताओं को निर्धारित शर्तों के अधीन अपनी कुछ अघोषित विदेशी संपत्तियों का खुलासा करने अथवा आयकर रिटर्न में छूट गई विदेशी संपत्तियों की जानकारी देने का एकमुश्त अवसर प्रदान करती है। योजना की निर्धारित अवधि 16 अगस्त से 31 दिसंबर, 2026 तक है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत खुलासे की श्रेणी के अनुसार निर्धारित कर एवं अतिरिक्त शुल्क अथवा एक लाख रुपये का नाममात्र शुल्क देय हो सकता है। लागू प्रावधानों और निर्धारित शर्तों के अधीन पात्र मामलों में जुर्माने तथा अभियोजन से राहत का प्रावधान भी किया गया है। उन्होंने करदाताओं और कर पेशेवरों से योजना के प्रावधानों को समझने तथा पात्रता एवं लागू शर्तों की पुष्टि के बाद ही इसका लाभ उठाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि श्रीमती शिवानी सिंह ने विदेशी संपत्तियों और उनसे अर्जित आय का समय पर एवं सही विवरण प्रस्तुत करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कर पेशेवरों और करदाताओं से योजना के संबंध में अधिकाधिक जागरूकता फैलाने की अपील की, ताकि पात्र करदाता निर्धारित समय सीमा के भीतर इसका लाभ उठा सकें।
श्रीमती सिंह ने कहा कि आयकर विभाग करदाताओं की सुविधा, उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान तथा विभिन्न हितधारकों के साथ रचनात्मक संवाद के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने करदाताओं से नियमों का पालन करते हुए अपनी कर संबंधी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और किसी भी प्रकार की शंका होने पर विभाग से मार्गदर्शन लेने का आग्रह किया। कार्यक्रम का उद्देश्य FAST-DS, 2026 के प्रावधानों की जानकारी आम करदाताओं और कर विशेषज्ञों तक पहुंचाना तथा विदेशी संपत्तियों के सही एवं समयबद्ध खुलासे के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
