एमडीयू में युवाओं ने ली नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने की शपथ

एमडीयू में युवाओं ने ली नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने की शपथ
 

योग एवं ध्यान से युवाओं को दिया नशामुक्त भारत का संदेश:-

रोहतक,

महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में मेरा युवा भारत (माय भारत) के ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत 100 सप्ताह अभियान’ के पांचवें सप्ताह के अंतर्गत योग एवं ध्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। माय भारत स्वयंसेविका निशा राणा ने योगाचार्य नरेश अहलावत के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में योगाचार्य नरेश अहलावत ने युवाओं को योग एवं ध्यान का अभ्यास करवाया तथा इनके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित योग एवं ध्यान से शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ-साथ मानसिक शांति, एकाग्रता और आत्मानुशासन को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने युवाओं को अपनी दिनचर्या में सकारात्मक आदतें शामिल करने और तनावपूर्ण परिस्थितियों का सामना संयम एवं जागरूकता के साथ करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण युवाओं द्वारा ली गई नशामुक्ति की शपथ रही। इस दौरान युवाओं ने स्वयं नशे से दूर रहने, अपने साथियों एवं समाज के अन्य लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर माय भारत स्वयंसेविका निशा राणा ने कहा कि युवा शक्ति किसी भी राष्ट्र की प्रगति का आधार है। युवाओं को नशे से दूर रखकर उनकी ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल एवं सामाजिक कार्यों में करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण सामूहिक प्रयासों, जन-जागरूकता और व्यक्तिगत संकल्प से ही संभव है। योग एवं ध्यान जैसी सकारात्मक गतिविधियां युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और स्वस्थ जीवन शैली विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मेरा युवा भारत के इस अभियान के माध्यम से युवाओं को व्यक्तिगत स्वास्थ्य के साथ-साथ परिवार और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि नशामुक्ति केवल व्यक्तिगत निर्णय नहीं, बल्कि स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण की सामूहिक प्रतिबद्धता है।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles