छूटे हुए मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने का मिलेगा एक और अवसर:- उपायुक्त सतबीर सिंह
निर्वाचन आयोग ने एएसडीडी श्रेणी में चिह्नित मतदाताओं को दिया विशेष अवसर, संबंधित ईआरओ ध् एईआरओ के पास जमा करवा सकते हैं एन्यूमरेशन फॉर्म
रोहतक, 7 नवंबर।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सतबीर सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट (एएसडीडी) श्रेणी में चिह्नित ऐसे मतदाताओं को एक और अवसर प्रदान करने का निर्णय लिया है, जिनके एन्यूमरेशन फॉर्म प्राप्त नहीं हो पाए थे और इसी कारण उनके नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके। सतबीर सिंह ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार ऐसे सभी मतदाताओं की बूथवार सूची संबंधित मतदान केंद्रों के नोटिस बोर्ड, पंचायत भवनों, शहरी स्थानीय निकाय कार्यालयों तथा खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों के कार्यालयों में दोबारा प्रदर्शित की जाएगी। इसके अलावा ये सूचियां मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। सूची में नाम शामिल न होने के संभावित कारणों का भी उल्लेख किया जाएगा। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि संबंधित मतदाता अपने वर्तमान सामान्य निवास स्थान की विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) अथवा सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (एईआरओ) के पास विधिवत भरा हुआ एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करवा सकते हैं। निर्वाचन अधिकारियों द्वारा ऐसे मतदाताओं के फॉर्म दोबारा तैयार किए जाएंगे और बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के माध्यम से उन्हें उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर फॉर्म व्हाट्सएप, ई-मेल अथवा एसएमएस के माध्यम से भी भेजे जा सकेंगे।
सतबीर सिंह ने बताया कि मतदाता निर्वाचन आयोग की वेबसाइट अथवा ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से भी अपना एन्यूमरेशन फॉर्म डाउनलोड कर सकते हैं और उसे भर सकते हैं। इसके लिए उन्हें वही ईपीआईसी नंबर दर्ज करना होगा, जो नाम हटाए जाने से पहले उनके पास था। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं ने अपना निवास स्थान नहीं बदला है, वे भरे हुए एवं हस्ताक्षरित एन्यूमरेशन फॉर्म के साथ निर्धारित घोषणा पत्र (अनुलग्नक-बी) जमा करवाएं, जिसमें पहले फॉर्म जमा न करवा पाने का कारण बताना होगा। यह फॉर्म संबंधित ईआरओ, एईआरओ अथवा बीएलओ के पास स्वयं या परिवार के किसी सदस्य के माध्यम से जमा करवाया जा सकता है। ऑनलाइन फॉर्म जमा करवाने की सुविधा भी ई-साइन के साथ उपलब्ध करवाई जाएगी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि यदि किसी मतदाता ने राज्य के भीतर ही अपना निवास स्थान बदल लिया है तो उसे नए विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ ध् एईआरओ के पास एन्यूमरेशन फॉर्म के साथ अनुलग्नक-सी में निर्धारित घोषणा पत्र और नए पते का प्रमाण जमा करवाना होगा। ऐसे मामलों में फॉर्म-8 भरने की आवश्यकता नहीं होगी। मतदाता नए मतदान केंद्र के बीएलओ से भी सहायता प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट एवं ईसीआईनेट ऐप पर श्बुक अ कॉल विद बीएलओज की सुविधा उपलब्ध है। बेघर व्यक्तियों के पास यदि पते से संबंधित कोई दस्तावेज उपलब्ध नहीं है तो बीएलओ की फील्ड वेरिफिकेशन रिपोर्ट को निवास प्रमाण के रूप में स्वीकार किया जाएगा।
सतबीर सिंह ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं ने एसआईआर अभियान के दौरान नए पंजीकरण के लिए पहले ही फॉर्म-6 जमा करवा दिया है, उन्हें दोबारा एन्यूमरेशन फॉर्म और घोषणा पत्र जमा करवाने की आवश्यकता नहीं है। उनके आवेदन आयोग के 3 नवंबर 2026 के स्पष्टीकरण के अनुसार संसाधित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्राप्त सभी फॉर्म की संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच की जाएगी। इसमें मतदाता की पात्रता, सामान्य निवास तथा अन्य आवश्यक विवरणों का सत्यापन किया जाएगा। आवश्यकतानुसार क्षेत्रीय जांच भी की जाएगी। स्वीकार किए गए फॉर्म को अंतिम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए अलग से रखा जाएगा तथा संबंधित मतदाता को एसआईआर से पहले आवंटित ईपीआईसी नंबर पुनः आवंटित किया जाएगा। उपायुक्त सतबीर सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा बीएलओ के माध्यम से घर-घर संपर्क कर ऐसे सभी मतदाताओं को इस सुविधा की जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने के अवसर से वंचित नहीं रहना चाहिए। साथ ही मतदाता सूची में दोहरे पंजीकरण को रोकने के लिए भी विशेष सावधानी बरती जाए।
