नालसा के ‘सुरक्षित बचपन’ जागरूकता अभियान का शुभारंभ
रोहतक,
हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला के निर्देशानुसार आज जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रोहतक द्वारा नालसा के ‘सुरक्षित बचपन’ जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रोहतक के अध्यक्ष अजय तेवतिया ने हरी झंडी दिखाकर अभियान को रवाना किया। इस अवसर पर रोहतक न्यायालय के सभी माननीय न्यायाधीश उपस्थित रहे। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया ने बताया कि यह अभियान ‘पैन इंडिया स्कूल अवेयरनेस कैंपेन ऑन द प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेज एक्ट, 2012’ के अंतर्गत चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों को यौन उत्पीड़न, यौन शोषण तथा बाल यौन शोषण संबंधी सामग्री से सुरक्षित रखना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उनकी गरिमा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत रोहतक जिला के सभी ब्लॉकों में न्यायिक अधिकारियों द्वारा विद्यालयों की प्रातःकालीन सभाओं के दौरान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रोहतक के पैनल अधिवक्ताओं एवं अधिकार मित्रों द्वारा जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में भी पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों, बच्चों के अधिकारों तथा किसी भी प्रकार के यौन शोषण से बचाव के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों को पॉक्सो अधिनियम, 2012 के प्रावधानों की जानकारी देना, उन्हें सुरक्षित एवं असुरक्षित व्यवहार के प्रति जागरूक करना तथा किसी भी अनुचित घटना की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के तरीकों से अवगत कराना है। साथ ही, बच्चों की पहचान एवं निजता की सुरक्षा के महत्व पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। पॉक्सो अधिनियम के तहत यौन अपराधों से पीड़ित बच्चों की पहचान का खुलासा कानून के प्रावधानों के विरुद्ध दंडनीय हो सकता है।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रोहतक की सचिव डॉ. तरन्नुम खान ने बताया कि जरूरतमंद व्यक्ति निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त करने के लिए नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, बच्चों की सहायता एवं संरक्षण के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर भी संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। ऐसे जागरूकता अभियान बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाने तथा सुरक्षित, भयमुक्त और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
