हरियाणा के रोहतक से दिल्ली का सफर होगा आसान, यहां बनेगा नया एलिवेटेड कॉरिडोर; ट्रैफिक जाम की होगी छुट्टी
हरियाणा वासियों के लिए अच्छी खबर है। यहां रोहतक से दिल्ली के बीच यात्रा को सुगम बनाने के लिए नए एलिवेटेड कॉरिडोर को बनाने की तैयारी तेज हो गई है। इससे दिल्ली जाने वाले लोगों को फायदा मिलेगा और लंबे ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
मिली जानकारी के अनुसार यह कॉरिडोर न्यू रोहतक रोड (NH-10) के समांतर, मुंडका से पीरागढ़ी के बीच (नांगलोई, उद्योग नगर, राजधानी पार्क से होते हुए) बनेगा। बाद में इसे अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) से भी जोड़ा जाएगा, जो दिल्ली-हरियाणा (बहादुरगढ़/रोहतक) से आने-जाने वाले ट्रैफिक के लिए एक बाईपास का काम करेगा।
दरअसल न्यू रोहतक रोड और पीरागढ़ी चौक पर रोजाना लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में ट्रैफिक को कम करने और भारी वाहनों को सीधे शहर के बाहर-बाहर निकालने के उद्देश्य से इस कॉरिडोर का निर्माण करवाया जा रहा है।
दिल्ली PWD विभाग ने बताया कि इस एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण से पंजाबी बाग, पीरागढ़ी, उद्योग नगर, मुंडका इंडस्ट्रियल एरिया और नांगलोई के बीच हर रोज लगने वाले ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा। वहीं, दिल्ली बार्डर पर रोहतक की तरफ आने वाले लोगों को भी ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी। बता दें कि दिल्ली सरकार के मास्टर प्लान 2047 के तहत मुंडका- पीरागढ़ी एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा।
इस कॉरिडोर को द्वारका, अलीपुर को जोड़ने वाले UER-2 एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी दी जाएगी। इसके निर्माण से स्थानीय ट्रैफिक से इतर वाहन शहर के बाहर बाहर ही निकल जाएंगे। PWD विभाग इस एलिवेटेड कॉरिडोर के लिए फिजिबिलिटी स्टडी के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए निजी एजेंसियों को जिम्मेदारी सौंपेगा। DPR के बाद फाइनल एस्टीमेट के साथ निर्माण कार्य को हरी झंडी दिखा दी जाएगी।
