संस्कृत हमारी संस्कृति, संस्कारों और प्राचीन ज्ञान परंपरा की आधारशिला : डॉ. अरविंद शर्मा
<strong> </strong>
चंडीगढ़ , 21 नवंबर - हरियाणा के सहकारिता, कारागार, पर्यटन, विरासत एवं निर्वाचन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि संस्कृत केवल एक भाषा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सभ्यता, संस्कारों और प्राचीन ज्ञान परंपरा की आधारशिला है। संस्कृत में वेदों, उपनिषदों, दर्शन, विज्ञान, गणित, आयुर्वेद और जीवन मूल्यों का विशाल भंडार समाहित है। युवा पीढ़ी को संस्कृत से जोड़ना अपनी सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने के साथ-साथ एक संस्कारवान समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा शनिवार को पानीपत जिला के समालखा में प्राच्य संस्कृत शिक्षा प्रचारक समिति की ओर से आयोजित स्वर्गीय मास्टर रामरत्न स्मारक अंतर विद्यालयीय संस्कृत प्रतियोगिता को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के साथ विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों, संस्कारों और भारतीय संस्कृति से जोड़ने पर जोर दे रही है। सरकार का उद्देश्य ऐसी शिक्षा व्यवस्था विकसित करना है, जिसमें विद्यार्थियों को रोजगारपरक एवं तकनीकी शिक्षा के साथ अपनी भाषा, संस्कृति और गौरवशाली इतिहास का भी ज्ञान प्राप्त हो।
डॉ. शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में मातृभाषा, भारतीय भाषाओं, कौशल विकास और समग्र शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। हरियाणा में भी शिक्षा के क्षेत्र में इन उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक विज्ञान और तकनीक के युग में संस्कृत जैसी प्राचीन भाषा का महत्व कम नहीं हुआ है। विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा के साथ संस्कृत और भारतीय ज्ञान परंपरा का अध्ययन करने के अवसर मिलने चाहिए।
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल तथा पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में संस्कृत शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कैथल में महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय की स्थापना इसका प्रमुख उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि संस्कृत विश्वविद्यालय और अन्य शिक्षण संस्थानों के माध्यम से संस्कृत भाषा, साहित्य और भारतीय ज्ञान परंपरा के अध्ययन को बढ़ावा देने की दिशा में प्रयास किए गए।
डॉ. शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों को लागू करने की दिशा में कदम उठाए गए हैं। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों में नौवीं और दसवीं कक्षा के लिए त्रिभाषा व्यवस्था के तहत हिंदी और अंग्रेजी के साथ संस्कृत, पंजाबी अथवा उर्दू में से एक भाषा चुनने का प्रावधान किया गया है। इससे विद्यार्थियों को भारतीय भाषाओं के अध्ययन के अधिक अवसर मिलेंगे।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि संस्कृत के संरक्षण की जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि समाज, शिक्षकों और अभिभावकों की भी है। विद्यालयों में संस्कृत संभाषण, श्लोक उच्चारण और विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन से बच्चों में इस भाषा के प्रति रुचि बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने स्वर्गीय मास्टर रामरत्न को याद करते हुए कहा कि उनके नाम पर आयोजित प्रतियोगिता नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का सार्थक प्रयास है।
