सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए संभावित स्थानों पर करें सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम : एडीसी अर्पित संगल
अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा कमेटी की बैठक आयोजित
सिरसा, 29 अक्टूबर।
अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल की अध्यक्षता में वीरवार को लघु सचिवालय सभागार में सड़क सुरक्षा कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था और बेहतर बनाने तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध करने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। एडीसी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका रहती है, वहां रोड सेफ्टी से संबंधित सभी आवश्यक इंतजाम प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किए जाएं। इसके अलावा सड़कों पर अवैध कट को बंद करने के निर्देश भी दिए गए।
एडीसी ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में पैदल चलने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए फुटपाथ बनाने की दिशा में अधिक से अधिक प्रयास किए जाएं, ताकि आमजन सुरक्षित तरीके से पैदल आवागमन कर सके। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में जहां आवश्यकता हो, वहां नियमानुसार स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं और निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर लगी स्ट्रीट लाइटें रात के समय सुचारू रूप से जलनी चाहिए और कोई भी लाइट बंद नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने ओटू वियर के पास सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए रिफ्लेक्टर लगाने सहित यातायात सुरक्षा से जुड़े अन्य आवश्यक प्रबंध तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक संबंधित विभाग अपने अधीन आने वाली सड़कों का सर्वे करे और यदि सर्वे के दौरान किसी अन्य विभाग से संबंधित समस्या सामने आती है, तो उसकी जानकारी संबंधित विभाग को देकर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
एडीसी ने निर्देश दिए कि जिले में होने वाली सभी सड़क दुर्घटनाओं का डाटा संबंधित पोर्टल पर अपलोड किया जाए। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचने वाले पुलिस के 112 वाहन की रिपोर्ट भी पोर्टल पर अपडेट की जाए। इसके अतिरिक्त, अन्य कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं का विवरण दर्ज किया जाए, ताकि दुर्घटनाओं के कारणों का विश्लेषण कर आवश्यक कदम उठाए जा सकें।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन सड़कों के साथ नहरी विभाग के पुलों की चौड़ाई कम है, वहां वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए उचित यातायात संकेतक लगाए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
बैठक में एसडीएम डबवाली योगेश दिलहोर और एसडीएम ऐलनाबाद अदिति सिंघानिया वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। बैठक में डीएफओ सतीश कुमार, डीईओ सुभाष फुटेला, टीएम रोडवेज सुधीर कुमार, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता कमलदीप सिंह, उप सिविल सर्जन डा. संदीप सिंह, मार्केटिंग बोर्ड के एक्सईएन तरूण सिहाग, ट्रैफिक थाना प्रभारी शमशेर सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
