अतिरिक्त उपायुक्त ने समाधान शिविर में सुनी आमजन की समस्याएं

अतिरिक्त उपायुक्त ने समाधान शिविर में सुनी आमजन की समस्याएं
 

समस्याओं के तत्परता से निवारण को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश सिरसा, अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने वीरवार को लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, एसडीएम राजेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में बिजली, पानी, परिवार पहचान पत्र सहित अन्य शिकायतें आईं। इसके साथ-साथ उपमंडल स्तर पर भी समाधान शिविरों का आयोजन किया गया। डबवाली में एसडीएम योगेश दिलहोर व ऐलनाबाद में एसडीएम अदिति सिंघानियां ने समाधान शिविर में आमजन की समस्याओं को सुना। जिला में आयोजित समाधान शिविरों में कुल 23 शिकायतें आई। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि समाधान शिविर के माध्यम से आमजन की समस्याओं का मौके पर संज्ञान लेकर उनका प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयावधि में कार्रवाई की जाए तथा शिकायतकर्ता को भी कार्रवाई की स्थिति से अवगत करवाया जाए। उन्होंने बताया कि जिला व उपमंडल स्तर पर हर सप्ताह सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविरों का आयोजन किया जाता है। वे इन शिविरों में आकर अपनी समस्याएं व शिकायतें अधिकारियों के समक्ष दे सकते हैं, ताकि समाधान करवाया जा सके।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles