बाल महोत्सव के अंतिम दिन क्ले मॉडलिंग, पोस्टर मेकिंग, हैंडराइटिंग व मेहंदी रचाओ प्रतियोगिताएं आयोजित
प्रतियोगिताओं में 350 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
सिरसा,
जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा आयोजित बाल महोत्सव के अंतिम दिन क्ले मॉडलिंग, पोस्टर मेकिंग, हैंडराइटिंग तथा मेहंदी रचाओ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में सरकारी एवं निजी स्कूलों के लगभग 350 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिला बाल कल्याण अधिकारी नरेंद्र सिंह ने कहा कि बाल महोत्सव बच्चों की प्रतिभा को निखारने तथा उनकी रचनात्मक क्षमता को प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चा अपने आप में विशेष होता है और आवश्यकता इस बात की है कि उसकी प्रतिभा को पहचानकर उसे आगे बढऩे के उचित अवसर प्रदान किए जाएं। बच्चों को केवल पुरस्कार जीतने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि प्रतियोगिताओं में भाग लेकर नई चीजें सीखने और निरंतर बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर आयोजित ग्रुप डांस, सोलो डांस, सोलो क्लासिकल डांस, क्विज, वन एक्ट प्ले, देश भक्ति ग्रुप सॉन्ग और हरियाणवी रागिनी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी मंडल स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। मंडल स्तर की प्रतियोगिताओं में सिरसा, जींद, फतेहाबाद और हिसार जिलों के स्कूलों के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिताओं में निर्णायक मंडल की भूमिका मनवीर, अरुण, विक्रम, प्रवीन और वर्षा रानी ने निभाई। कार्यक्रम का मंच संचालन सतीश कुमार ने किया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी पूनम नागपाल, अमन रहेजा, अंशु सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
