सालासर धाम सिरसा में शरद पूर्णिमा महोत्सव में पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल व उनके बेटे मनीष सिंगला ने प्रज्वलित की बालाजी की पावन ज्योत, की महाआरती

सालासर धाम सिरसा में शरद पूर्णिमा महोत्सव में पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल व उनके बेटे मनीष सिंगला ने प्रज्वलित की बालाजी की पावन ज्योत, की महाआरती
 

सिरसा।

शरद पूर्णिमा के अति पावन और शुभ अवसर पर श्री सालासर धाम मंदिर में आस्था, भक्ति और श्रद्धा का अद्वितीय समागम देखने को मिला। पावन पर्व के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान एवं महाआरती का आयोजन किया गया। इस भव्य धार्मिक आयोजन में ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशी लाल व उनके बेटे मनीष सिंगला ने मुख्य अतिथि एवं मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित हुए। अनुष्ठान के दौरान पिता पुत्र ने मंत्रोच्चारण और वैदिक रीति-रिवाज के बीच संकटमोचन श्री सालासर बालाजी महाराज की पावन-पवित्र ज्योत को प्रज्वलित किया। इसके तत्पश्चात उन्होंने बालाजी महाराज की भव्य महाआरती उतारी और देश, प्रदेश तथा समस्त क्षेत्रवासियों की निरोगी काया, सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए प्रो. गणेशी लाल व मनीष सिंगला ने शरद पूर्णिमा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि बालाजी महाराज की भक्ति से जीवन के सभी संकट और विकार दूर होते हैं।

'जय श्री राम' और 'सालासर वाले बालाजी की जय' के गगनभेदी जयकारों के साथ पूरा पंडाल गूंज उठा। इस मौके पर प्रधान गोपाल सराफ, सुशील झूंथरा, गोपाल जी मण्डी वाले सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण मौजूद थे। ट्रस्ट के प्रधान गोपाल सराफ एवं अन्य गणमान्य सदस्यों ने प्रो गणेशी लाल व मनीष सिंगला को स्मृति चिह्न, बालाजी महाराज का पावन प्रसाद भेंट कर उनका आदर-सत्कार किया। शरद पूर्णिमा की पावन रात्रि में आयोजित इस महाआरती में शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों से आए सैकड़ों भक्तों ने भाग लिया। महाआरती के उपरांत मंदिर ट्रस्ट की ओर से विशाल प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं को खीर व पावन प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान मनीष सिंगला ने विभिन्न भजन प्रस्तुत किए जिसे सुन सभी मंत्रमुग्ध हुए और बाला जी की मस्ती में झूमते हुए नज़र आए। इस मौके पर श्री अग्रवाल सभा के प्रधान जेपी गुप्ता, मनीष जिंदल, निजी सचिव हरपिन्द्र शर्मा, निजी सचिव योगेश बिजारनिया इत्यादि मौजूद थे।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles