INLD नेता की बेटी की राजस्थान में शादी, Ex-MLA के परिवार में बनेगा रिश्ता; 15 दिसंबर को विवाह, सिरसा में हुई सगाई
<strong>INLD Leader Daughter Wedding: </strong>हरियाणा के सिरसा जिले के कुम्हारियां गांव के इनेलो समर्थित सरपंच की बेटी राजस्थान के पूर्व विधायक की बहू बनने जा रही है। सरपंच रूपेश बेनिवाल की बेटी दीपाशा की शादी भादरा के पूर्व विधायक कामरेड बलवान पूनिया के बेटे शुभम पूनिया से तय हुई है।
दोनों परिवारों ने शादी के लिए 15 दिसंबर की तारीख तय की है। इसके लिए राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में स्थित बलवान पूनिया के पैतृक गांव मलखेड़ा में दोनों परिवारों के सदस्य एकत्रित हुए। यहां शादी की तारीख तय होने के बाद पीले चावल की रस्म भी निभाई गई।
शादी को लेकर दोनों परिवारों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। दूल्हा-दुल्हन के कपड़ों समेत अन्य खरीदारी की जा रही है। एक-दो दिन में शादी के कार्ड भी छपने वाले हैं। शादी में इनेलो, कम्युनिस्ट पार्टी, कांग्रेस और भाजपा के नेताओं के शामिल होने की संभावना है।
<strong>8 महीने पहले कुम्हारियां में हुई थी सगाई</strong>
23 मार्च को दोनों परिवारों के बीच रिश्ता तय हुआ था। तब सिरसा के गांव कुम्हारियां में लड़के वाले एकत्रित हुए थे। यहां सरपंच रूपेश बेनिवाल की बेटी दीपाशा और पूर्व विधायक बलवान पूनिया के बेटे शुभम की सगाई की रस्म हुई। कार्यक्रम में गांव और आसपास के लोग भी शामिल हुए थे। पूर्व विधायक बलवान पूनिया और उनके परिवार ने दीपाशा को रस्म पूरी कर आशीर्वाद दिया था। इसके बाद अब 10 नवंबर को सरपंच रूपेश बलवान पूनिया के पैतृक गांव मलखेड़ा पहुंचे। यहां 15 दिसंबर को शादी करने का फैसला हुआ। बता दें कि भादरा विधानसभा क्षेत्र सिरसा जिले से सटा हुआ है। इस कारण सिरसा और भादरा के लोगों के बीच कई रिश्तेदारियां हैं।
पूर्व सरपंच की रिहाई के लिए धरने पर बैठे थे शुभम
राजस्थान में पंचायत चुनाव के दौरान पूर्व सरपंच कलाना शेरसिंह बिजारनियां की गिरफ्तारी हुई थी। उनकी रिहाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने 7 और 8 नवंबर को भादरा पुलिस थाने के बाहर धरना दिया था। इस धरने में पूर्व विधायक बलवान पूनिया के बेटे शुभम पूनिया भी ग्रामीणों के साथ बैठे थे।
