वॉलीबॉल इंटर-पॉलिटेक्निक टूर्नामेंट में सांघी की टीम बनी विजेता
सिरसा, 05 नवंबर।
राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, सिरसा में आयोजित इंटर-पॉलिटेक्निक वॉलीबॉल प्रतियोगिता के अंतिम दिन खेले गए फाइनल मुकाबले में राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, सांघी की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, नानकपुर को हराकर प्रथम स्थान हासिल किया। फाइनल मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि पब्लिक हेल्थ इंजीनियरिंग विभाग के अधीक्षण अभियंता विक्रम सिंह मोर ने किया। गौरतलब है कि विक्रम सिंह मोर संस्थान के वर्ष 1998 बैच के पूर्व छात्र हैं और उस समय वॉलीबॉल टीम के कप्तान भी रह चुके हैं। इस अवसर पर राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, सिरसा की प्रधानाचार्य मंजू गेरा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना और अनुशासन का संदेश दिया। तीसरे स्थान के लिए राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, सिरसा और राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, नारनौल के बीच मुकाबला हुआ। इस मैच में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले में नारनौल की टीम ने जीत हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता का आयोजन प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार जिंदल की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में मधु लाल, संजीव टूटेजा, बलवीर कंबोज, सुभाष चंद्र, देवेंद्र कुमार, विक्रम सनवाल और मोहित कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। जॉइंट सेक्रेटरी स्पोर्ट्स टेक्निकल विभाग हरियाणा अवतार सिंह, ऑफिस सुपरिटेंडेंट हरनेक सिंह और इमरान खान ने भी आयोजन में सहयोग दिया। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों को शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी और आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
