बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और पुनर्वास को मिले सर्वोच्च प्राथमिकता : उपायुक्त शांतनु शर्मा
<strong>उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला बाल संरक्षण इकाई, किशोर न्याय बोर्ड, बाल कल्याण समिति सहित संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित</strong>
<strong>सिरसा, 28 अक्टूबर।</strong>
उपायुक्त शांतनु शर्मा ने बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा और संरक्षण से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक मामले में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई की जाए तथा बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और पुनर्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि जरूरतमंद बच्चों को सरकारी योजनाओं, कानूनी सहायता और अन्य आवश्यक सुविधाओं का लाभ समय पर मिल सके। बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में उपायुक्त की अध्यक्षता में जिला बाल संरक्षण इकाई, किशोर न्याय बोर्ड, बाल कल्याण समिति तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पॉक्सो अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता से संबंधित मामलों के साथ-साथ बाल देखरेख संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं, बच्चों के पुनर्वास, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई।
पॉक्सो और किशोर न्याय से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश उपायुक्त ने पॉक्सो अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि बच्चों से संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने पुलिस द्वारा दर्ज मामलों, लापता बच्चों तथा तलाश के बाद बरामद किए गए बच्चों से संबंधित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बच्चों से जुड़े प्रत्येक मामले में संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्रवाई की जाए तथा उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
<strong>बाल देखरेख संस्थाओं में स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा सुविधाओं की नियमित निगरानी हो</strong>
उपायुक्त ने बाल देखरेख संस्थानों में रह रहे बच्चों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं की समीक्षा करते हुए नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक उपचार, एंबुलेंस सुविधा, शारीरिक पुनर्वास, आयुष्मान कार्ड और शिक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि संस्थानों में बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा उन्हें आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बाल देखरेख संस्थानों का निरीक्षण करने और निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान बच्चों को मिल रही सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और सुरक्षा व्यवस्था का विशेष रूप से आकलन किया जाए, ताकि कमियों की पहचान कर समय रहते आवश्यक सुधार किए जा सकें।
<strong>स्कूलों में बाल अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश</strong>
उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि विद्यालयों के साथ-साथ खंड और ग्राम स्तर पर भी बच्चों की सुरक्षा एवं अधिकारों को लेकर नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इन कार्यक्रमों में पॉक्सो अधिनियम और बाल अधिकारों के बारे में बच्चों को सरल भाषा में जानकारी दी जाए, ताकि वे अपने अधिकारों को समझ सकें। उपायुक्त ने आउट ऑफ स्कूल बच्चों की पहचान के लिए सर्वेक्षण जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के माध्यम से स्कूल से बाहर रह रहे बच्चों की पहचान कर उन्हें दोबारा विद्यालय से जोड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिल सके। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला, बाल कल्याण समिति के चेयरमैन डॉ. मदन लाल, सदस्य भावना शर्मा, भाई कन्हैया आश्रम से पद्मश्री गुरविंद्र सिंह, बाल संरक्षण अधिकारी अंजना डुडी, डिप्टी डीए मुनीश कुमार, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य सीबी कौशिक और पूर्णिमा मोंगा, इंस्पेक्टर सीमा सोढ़ी, डबवाली से सब-इंस्पेक्टर सुशीला, शिक्षा विभाग से अमित मनहर, लेबर इंस्पेक्टर कपिल देव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
