Haryana Electric Bus Depot: हरियाणा को मिली बड़ी सौगात! 9 करोड़ में बना हाईटेक बस डिपो, यमुनानगर की सड़कों पर दौड़ेंगी 50 नई इलेक्ट्रिक बसें

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने छठ महापर्व के कार्यक्रम के बाद रविवार देर शाम जगाधरी में करीब नौ करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो का लोकार्पण किया।
 

<strong>यमुनानगर:</strong> मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने छठ महापर्व के कार्यक्रम के बाद रविवार देर शाम जगाधरी में करीब नौ करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह डिपो हरियाणा की हरित परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में जगाधरी से पांच इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के साथ ग्रीन ट्रांसपोर्ट की शुरुआत की गई थी और उसी वर्ष 12 मार्च को इस डिपो का निर्माण कार्य शुरू हुआ था।

नवनिर्मित डिपो में आधुनिक कार्यशाला, एक साथ छह बसों को चार्ज करने के लिए छह चार्जिंग स्टेशन, वाशिंग स्टेशन और प्रशासनिक भवन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार पूरे प्रदेश में हर 50 किलोमीटर की दूरी पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।

<strong>10 शहरों में चल रहीं 155 बसें</strong>

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 10 शहरों में अभी 155 इलेक्ट्रिक बसें चल रही हैं। इस वर्ष के अंत तक इनकी संख्या 375 करने का लक्ष्य है। पानीपत के बाद जगाधरी दूसरा ई-बस डिपो है। इसी वित्त वर्ष में करनाल, रोहतक, पंचकूला, रेवाड़ी, अंबाला और हिसार में, जबकि अगले वित्त वर्ष में सोनीपत और कुरुक्षेत्र में डिपो तैयार होंगे।

पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत यमुनानगर सहित सात शहरों के लिए 450 बसें स्वीकृत हुई हैं। इनमें से 50 बसें यमुनानगर को मिलेंगी। इससे लास्ट माइल कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आटो पर निर्भरता घटेगी।

इलेक्ट्रिक बसों से धुआं और जहरीली गैसें नहीं निकलेंगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, 12 वर्षों में 34 शहरों में 492 करोड़ रुपये से नए बस अड्डे बनाए गए हैं। वर्ष 2022 में ई-टिकटिंग शुरू हुई। रोडवेज 39 श्रेणियों को मुफ्त या रियायती यात्रा सुविधा दे रही है। हैप्पी कार्ड से गरीब परिवारों को सालाना 1000 किलोमीटर मुफ्त यात्रा मिलती है। अब तक 29 लाख 57 हजार 441 कार्ड बनाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन और ग्रीन टेक्नोलॉजी से युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। पराली प्रबंधन के लिए किसानों को 50 से 80 प्रतिशत सब्सिडी पर 1.5 लाख उपकरण दिए गए हैं।

पराली बेचने पर प्रति एकड़ 3000 रुपये तक लाभ और सरकार की ओर से 1200 रुपये सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने किसानों का धन्यवाद किया और पंजाब में पराली रोकने की व्यवस्था नहीं होने पर आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा।

<strong>संबोधन में नामों को लेकर चूक, मंच पर छाई मुस्कान</strong>

जगाधरी में इलेक्ट्रिक बस अड्डे के उद्घाटन समारोह में कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा के संबोधन के दौरान दो बार नामों को लेकर चूक हुई। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा को पूर्व जिलाध्यक्ष बताया।

इसके बाद डीसी प्रीति को प्रीति जौहर कहकर संबोधित किया। प्रीति जौहर नगर निगम की पूर्व भाजपा पार्षद रह चुकी हैं। चूक पर मंच और समारोह में मौजूद लोगों के चेहरों पर मुस्कान आ गई। हंसते हुए जिलाध्यक्ष राजेश सपरा मंच पर खड़े हो गए।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles