हरियाणा: हांसी में डेढ़ करोड़ की तेंदुए की खाल के साथ युवक गिरफ्तार, तमिलनाडु से जुड़े तस्करी के तार

वन्य जीव विभाग और सीआइए हांसी की संयुक्त टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पेटवाड़ निवासी सोनू बावरिया को तेंदुए की खाल के साथ गिरफ्तार किया है। वन्य जीव विभाग के शुरुआती आकलन के अनुसार, यह खाल करीब साढ़े तीन वर्ष के तेंदुए की है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई है।
 

<strong>हांसी</strong>: वन्य जीव विभाग और सीआइए हांसी की संयुक्त टीम ने एक गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए पेटवाड़ निवासी सोनू बावरिया को तेंदुए की खाल के साथ गिरफ्तार किया है। वन्य जीव विभाग के शुरुआती आकलन के अनुसार, यह खाल करीब साढ़े तीन वर्ष के तेंदुए की है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई है।

आरोपी से की गई पूछताछ में खुलासा हुआ है कि तमिलनाडु में रह रहा उसका भाई यह खाल उसके पास छोड़कर गया था, और भाई के वापस लौटने पर दोनों की इसे महंगे दामों में बेचने की योजना थी। फिलहाल पुलिस आरोपी के फरार भाई की तलाश कर रही है।

वन्य जीव विभाग को पुख्ता सूचना मिली थी कि पेटवाड़ क्षेत्र में तेंदुए की खाल को छिपाकर रखा गया है और इसे ठिकाने लगाने की साजिश रची जा रही है। सूचना मिलते ही विभाग के उपनिरीक्षक अक्षय कुमार और सीआइए हांसी के पीएसआई कपिल के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने पेटवाड़-थुराना मार्ग पर कार्रवाई कर सोनू बावरिया को दबोच लिया और उसके कब्जे से नीले रंग के थैले में छिपाकर रखी गई तेंदुए की खाल बरामद कर ली।

<strong>पूरी कार्रवाई की हुई वीडियोग्राफी</strong>

जांच में पता चला कि खाल को घर के भीतर रखने के बजाय बाहर एक स्थान पर छिपाया गया था। आरोपित अपने भाई के तमिलनाडु से लौटने की प्रतीक्षा कर रहा था। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि खाल कहां से लाई गई और इसे किस व्यक्ति को बेचा जाना था।

पैमाइश में खाल की लंबाई 207 सेंटीमीटर, चौड़ाई 128 सेंटीमीटर और पूंछ की लंबाई 80 सेंटीमीटर मिली। नमूना सुरक्षित करने के बाद खाल को सील कर दिया गया है। पूरी कार्रवाई की ई-साक्ष्य एप पर वीडियोग्राफी भी की गई।

<strong>तस्करी नेटवर्क से संबंध की हो रही जांच</strong>

जानकारी के अनुसार आरोपित की मां के खिलाफ भी पहले हिमाचल प्रदेश में चीते की खाल बेचने का मामला दर्ज हो चुका है। इस तथ्य के सामने आने के बाद जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। पुलिस और वन्य जीव विभाग अब परिवार के संभावित संपर्कों के साथ किसी अंतरराज्यीय वन्य जीव तस्करी नेटवर्क से संबंध की पड़ताल कर रहे हैं। आरोपित के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles