Greater Noida News: थाने के बाथरूम में मिला महिला दरोगा का शव, ड्यूटी के दौरान बिगड़ी थी तबीयत; जांच में जुटी पुलिस
<strong>ग्रेटर नोएडा।</strong> उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में जारचा कोतवाली में तैनात महिला सब इंस्पेक्टर रश्मि गौतम का शव थाने के बाथरूम में मिलने से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। 2023 बैच की महिला अधिकारी की अचानक मौत से पुलिस महकमे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रश्मि गौतम ड्यूटी के दौरान अचानक अस्वस्थ हो गई थीं। इसके बाद वह थाने के बाथरूम में गईं, जहां उनका शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
<strong>हार्ट अटैक की आशंका, शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान</strong>
मौके पर पहुंची पुलिस को महिला दरोगा के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले। शुरुआती तौर पर हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
<strong>फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच</strong>
घटना की जानकारी मिलने पर एडीसीपी समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
महिला सब इंस्पेक्टर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
##
