Haryana: रेवाड़ी में युवक की पीट- पीटकर हत्या, पिता ने बीजेपी नेता पर लगाया हत्या का आरोप

Haryana: रेवाड़ी में युवक की पीट- पीटकर हत्या, पिता ने बीजेपी नेता पर लगाया हत्या का आरोप
 

हरियाणा के रेवाड़ी में दो भाइयों पर बदमाशों ने हमला किया। काम से घर लौट रहे दोनों भाईयों को आरोपियों ने दौड़ा कर पीटा और फिर उन्हें बेसुध हालत में छोड़कर फरार हो गए। परिजन दोनों भाईयों को सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन हालात गंभीर होने पर उन्हें यहां से पीजीआई रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान बड़े भाई की मौत हो गई। जबकि छोटे का इलाज अभी चल रहा है।

<strong>क्या है पूरा मामला ?</strong>

जानकारी के अनुसार ये घटना रेवाड़ी जिले के गांव ढाणी सुंदरोज की है। मृतक की पहचान 21 वर्षीय केशव के तौर पर हुई है। वहीं उसका छोटा भाई 18 वर्षीय राम घायल है। इस मामले में मृतक युवक के पिता ईश्वर सिंह ने पुलिस को शिकायत दी और BJP नेता पर हत्या का आरोप लगाया है।

ईश्वर सिंह ने बताया कि उसके दोनों बेटे केशव और राम स्क्रैप का काम करते है। 30 सितंबर को वह दोनों अपना काम खत्म करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान हमलावरों ने रास्ते में उन्हें रोककर हमला कर दिया।

करीब आधा दर्जन से ज्यादा हमलावरों ने दोनों भाइयों को सड़क पर लाठी-डंडो से दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इसके बाद उन्हें बेसुध हालत में छोड़कर फरार हो गए। केशव की पीजीआई में इलाज के दौरान मौत हो गई। अब इस मामले में मृतक केशव के पिता ईश्वर सिंह ने बीजेपी नेता पर गंभीर आरोप लगाए है।

उन्होनें आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बेटों पर ये हमला भाजपा नेता व ब्लॉक समिति के वाइस चेयरमैन पंकज उर्फ रोंज ने कराया है। हमलावरों को पंकज ने ही भेजा था। एक सप्ताह पहले भी उनके घर पर पथराव कराया गया था।

<strong>परिजनों ने की बीजेपी नेता की गिरफ्तारी की मांग</strong>

पुलिस की कार्यप्रणाली के विरोध में मंगलवार को पीड़ित परिवार ने सर्कुलर रोड जाम कर दिया। इसके साथ ही परिजनों ने एसएचओ (SHO) पर भी आरोपियों को बचाने और कार्रवाई न करने का आरोप लगाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस का कहना है कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच चल रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। हालांकि, पीड़ित परिवार के लोग बीजेपी नेता की गिरफ्तारी और एसएचओ को सस्पेंड करने की मांग पर अड़े हुए है। पुलिस परिजनों को समझाने में जुटी हुई है।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles