B.Tech के बाद लाखों की नौकरी छोड़ी! 28 की उम्र में 6 सरकारी नौकरियां, दरोगा से बने DSP | श्रीकांत की Success Story
DSP श्रीकांत की Success Story: जिंदगी में आगे बढ़ना है तो ठहराव कभी नहीं आना चाहिए—यह सोच है डीएसपी श्रीकांत नायक की। उनकी सफलता यह सिखाती है कि अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकलना ही सबसे बड़ी जीत है। तेलंगाना के एक साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले श्रीकांत के पास एक मोटा सैलरी पैकेज चुनने का विकल्प था, लेकिन उन्होंने जनसेवा का रास्ता चुना। अपनी मेहनत के दम पर महज 28 साल की उम्र में उन्होंने 6 सरकारी परीक्षाओं में सफलता हासिल की।
श्रीकांत के माता-पिता भले ही ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं थे, लेकिन उनका सपना अपने बच्चों को बेहतरीन शिक्षा दिलाना और समाज में उन्हें एक सम्मानित पद दिलाना था। परिवार के इन्हीं संस्कारों और मजबूत समर्थन ने श्रीकांत को पढ़ाई के प्रति पूरी तरह समर्पित कर दिया।
श्रीकांत बचपन से पढ़ाई में काफी अच्छे रहे हैं। 12वीं में अच्छे मार्क्स की वजह से उन्हें IIIT बसारा में एडमिशन मिल गया था। बता दें कि उन्होंने साल 2018 में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE) में बीटेक की डिग्री हासिल की है। ट्रिपल आईटी की डिग्री को बेहतर करियर की गांरटी माना जाता है। लेकिन श्रीकांत की लाइफ में बीटेक की डिग्री में नया मोड़ आना तो अभी बाकी था।
इंफोसिस का लाखों का सैलरी पैकेज छोड़ा और सरकारी सेवा को चुना
वहीं बीटेक के फाइनल ईयर में कैंपस प्लेसमेंट में स्टूडेंट्स को हाई सैलरी पैकेज ऑफर मिल रहे थे। इसी के चलते श्रीकांत को भी कई कंपनियों से नौकरियां मिल रही थीं इंफोसिस की ओर से भी लाखों का सैलरी पैकेज ऑफर हुआ था। लेकिन उस दौरान उन्होंने अपनी लाइफ का सबसे बड़ा फैसला लिया।
इसी को लेकर उन्होंने सोचा कि अगर वे इंफोसिस या किसी अन्य प्राइवेट संस्था में काम करते, तो इससे सिर्फ उनके परिवार को ही लाभ मिलेगा, लेकिन उन्होंने लोगों की सेवा करने का फैसला किया। इन सबके पीछे कहीं ना कहीं उनके गांव के वे लोग थे, जिन्हें छोटी-छोटी सरकारी नौकरियों के लिए भी दफ्तरों की लंबी लाइनों और मुश्किलों का सामना करना पड़ता था।
28 की उम्र में 6 सरकारी नौकरियां
बता दें कि साल 2018 में ग्रेजुएशन के बाद, श्रीकांत ने सरकारी सेवा का चुनाव किया। उन्होंने महज 6 महीने में चार सरकारी भर्ती परीक्षाएं क्रैक कर ली थींजिनमें जूनियर पंचायत सचिव, VRO, जूनियर असिस्टेंट और सब-इंस्पेक्टर पद शामिल थे। जिसमें उन्होंने दारोगा का पद चुना और तेलंगाना पुलिस में अपना पदभार संभाला। एसआई पद पर सेवा के दौरान उन्हें महसूस हुआ कि उनका दायरा सिर्फ एक मंडल लेवल तक सीमित है। यहीं से उन्हें राज्य की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने का डिसीजन लिया।
DSP श्रीकांत नायक ने दिए PCS एग्जाम टिप्स
साल 2022 में जब TGPSC Group-1 (PCS) की भर्ती आयी और फिर श्रीकांत ने तैयारी करना शुरू कर दिया। श्रीकांत ड्यूटी के बाद फ्री टाइम में शॉर्ट नोट्स और वीडियो क्लासेस के जरिए पढ़ा करते थे फिर उन्होंने पीसीएस एग्जाम के लिए काफी मुश्किल रूटीन फॉलो किया। एक इंटरव्यू में उन्होंने अपने एक्सपीरियंस से जरूरी टिप्स भी दिए-
सेल्फ स्ट्रेटेजी बनाएं: दूसरों को देखकर 12-14 घंटे पढ़ने के बजाय अपनी क्षमताओं के आधार पर खुद का रूटीन और प्रिपरेशन स्ट्रेटेजी बनाएं।
सिलेबस पर पकड़: पूरी तैयारी का आधार परीक्षा का सिलेबस है, इसलिए सिलेबस की गहरी समझ होना भी जरूरी है।
शॉर्ट नोट्स: बड़े-बड़े विषयों को याद रखने के लिए खुद के छोटे-छोटे नोट्स बनाकर तैयारी करें।
लिखने की प्रैक्टिस: मेन्स एग्जाम में 8 से 10 मिनट में आंसर लिखने की प्रैक्टिस करें।
श्रीकांत ने सोच लिया था कि वे पीसीएस एग्जाम क्रैक करेंगे। लेकिन मुश्किलें भी कुछ कम नहीं थी। उन्होंने 3 बार पीसीएस एग्जाम दिया, जिसमें तकनीकी कारणों के चलते परीक्षा रद्द होने जैसी मुशिकलें भी सामने आईं। नौकरी के साथ तैयारी करना भी कम चुनौतीपूर्ण नहीं था। फिर भी उन्होंने हार नहीं मानी। परीक्षा के समय उन्होंने छुट्टी लेकर एग्जाम प्रिपरेशन पर पूरा फोकस किया, जिसका उन्हें फायदा भी मिला।
7 साल के इंतजार के बाद दारोगा से DSP बने श्रीकांत नायक
इसी कड़ी में TGPSC ग्रुप-1 2024 की परीक्षा दी और अक्टूबर 2025 में उनका चयन हो गया। वैसे तो वे डिप्टी कलेक्टर का पद चाहते थे, लेकिन 1.5 मामूली अंकों के अंतर से चूक गए थे और डिप्टी सुपरीटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) के प्रतिष्ठित पद पर चयनित हुए। अक्टूबर 2026 में तेंलगाना पुलिस अकादमी में अपनी ट्रेनिंग पूरी करके श्रीकांत नायक ने आधिकारिक तौर पर ड्यूटी शुरू कर दी है। उनका मानना है कि अपना लक्ष्य हासिल करने के लिए 100% जोर लगाना चाहिए, चाहे परिणाम कुछ भी हो।