जिस दिन मुख्यमंत्री बनूँगा…!*

जादौन बाबा की सरकार बनी तो मध्य प्रदेश में क्या होगा? हर शहर में फ्लैट, मालवा में होटल और मंत्रियों को गाय-भैंस वाले विभाग! पढ़िए सत्ता पर तीखा राजनीतिक व्यंग्य।
# जादौन बाबा की सरकार: मुख्यमंत्री बनते ही पूरा मालवा खरीदेंगे? जिस दिन भी मुख्यमंत्री बनूँगा, सबसे पहले प्रदेश के हर बड़े शहर में एक फ्लैट खरीदूँगा। भोपाल में सरकारी बंगला तो होगा ही, लेकिन इंदौर में एक शानदार, आलीशान फ्लैट भी होना चाहिए। आखिर मालवा तो अपना ठिकाना है! और जब सत्ता हाथ में होगी, तो सपना सिर्फ फ्लैट तक क्यों सीमित रहे? पूरा मालवा ही खरीद लूँगा! पर्यटन की अपार संभावनाएँ हैं। इसलिए हर पर्यटन क्षेत्र में एक अस्पताल और एक होटल भी खोलूँगा। जनता को इलाज मिलेगा, पर्यटकों को ठहरने की सुविधा मिलेगी और कारोबार भी बढ़ेगा। अब इसमें जनता की सेवा कितनी होगी और निजी कारोबार का फायदा कितना, यह तो भविष्य की बात है! मंत्रिमंडल भी बनाना है। आखिर मुख्यमंत्री अकेले थोड़े ही सरकार चलाता है! मंत्री भी चाहिए, समर्थक भी चाहिए और नाराज होने वालों को मनाने का इंतजाम भी चाहिए। इसलिए हर मंत्री को खुश करने के लिए एक-एक गाय, भैंस और बकरी वाला विभाग दे दूँगा। किसी को पशुपालन, किसी को गौसेवा, किसी को बकरी पालन! सबको कुछ न कुछ मिल जाएगा। मंत्री भी खुश, समर्थक भी खुश और गठबंधन की राजनीति में संतुलन भी बना रहेगा। लेकिन एक बात पर समझौता नहीं होगा। बाकी सारे मलाईदार विभाग अपने पास ही रखूँगा! खनिज, आबकारी, नगरीय विकास, लोक निर्माण, उद्योग और वे सारे विभाग जिनमें बजट बड़ा हो, फैसलों का दायरा बड़ा हो और जिनकी फाइलों का वजन देखकर प्रशासन भी गंभीर हो जाए उन पर मुख्यमंत्री का अपना नियंत्रण रहेगा। आखिर मुख्यमंत्री बनने का मतलब सिर्फ कुर्सी पर बैठना थोड़े ही है! कुर्सी के साथ अधिकार भी चाहिए, अधिकार के साथ विभाग भी और विभाग के साथ वह व्यवस्था भी, जिसमें हर महत्वपूर्ण फैसला मुख्यमंत्री की मर्जी के बिना आगे न बढ़े। जनता पूछेगी कि साहब, आपने प्रदेश के लिए क्या किया? मैं कहूँगा देखिए, हर शहर में मेरा फ्लैट है, हर पर्यटन क्षेत्र में अस्पताल और होटल है, मंत्रियों को विभाग बाँट दिए हैं और प्रशासन को भी काम पर लगा दिया है। इससे ज्यादा विकास का प्रमाण क्या चाहिए? कोई बेरोजगार नौकरी माँगेगा तो उसे पर्यटन क्षेत्र में रोजगार की संभावना बता दूँगा। किसान अपनी फसल का उचित दाम माँगेगा तो पशुपालन विभाग का रास्ता दिखा दूँगा। सड़क टूटी होगी तो संबंधित मंत्री से पूछने को कहूँगा। और अगर कोई पत्रकार सवाल पूछने की हिम्मत करेगा तो उसे समझाऊँगा कि सरकार चलाना आसान नहीं होता, थोड़ा समय दीजिए! वैसे भी मुख्यमंत्री की असली परीक्षा जनता के सवालों से नहीं, अपनी कुर्सी बचाने की कला से होती है—ऐसा मानने वालों की कमी नहीं है। मगर एक छोटी-सी समस्या है। मुख्यमंत्री बनने से पहले जनता के बीच जाना पड़ेगा। हाथ जोड़ने पड़ेंगे, वादे करने पड़ेंगे, गरीब की झोपड़ी में बैठकर रोटी खानी पड़ेगी और किसानों के खेत में जाकर तस्वीरें खिंचवानी पड़ेंगी। ![](/api/media/images/screenshot-2026-10-19-223211.webp) तब कहना पड़ेगा कि प्रदेश मेरा परिवार है, जनता मेरी भगवान है और सत्ता मेरे लिए सेवा का माध्यम है। लेकिन मन के किसी कोने में यह सवाल भी उठेगा कि अगर जनता भगवान है, तो उसके मंदिर यानी सरकारी खजाने की चाबी किसके पास रहेगी? जवाब साफ है मुख्यमंत्री के पास! और यहीं से असली व्यंग्य शुरू होता है। क्योंकि मुख्यमंत्री बनने का सपना देखना गलत नहीं है। गलत तब होता है, जब जनसेवा की कुर्सी को निजी संपत्ति, विभागों को निजी जागीर और सरकारी संसाधनों को व्यक्तिगत कारोबार का रास्ता समझ लिया जाए। मुख्यमंत्री बनने का सपना देखिए, लेकिन प्रदेश को अपनी जागीर समझने का नहीं। क्योंकि मुख्यमंत्री का पद पाँच साल के लिए हो सकता है, मगर जनता के सवालों की कोई समय-सीमा नहीं होती। फ्लैट, होटल और विभागों की सूची इतिहास में भले दर्ज न हो, लेकिन जनता के हिस्से में आया विकास या उसके साथ हुआ अन्याय जरूर याद रखा जाता है। आखिर में एक ही सवाल है मुख्यमंत्री बनकर प्रदेश खरीदना है या प्रदेश के लोगों का भरोसा जीतना है? क्योंकि कुर्सी पर बैठना उपलब्धि हो सकती है, लेकिन कुर्सी पर बैठकर खुद को मालिक समझ लेना लोकतंत्र की सबसे बड़ी भूल है। _तो अगली बार "जादौन बाबा की सरकार"_ _भूलना मत सुबह की पहली किरण के साथ जादौन बाबा पर महौर लगाना है_
जिस दिन मुख्यमंत्री बनूँगा…!*
लेखक-राजेन्द्र सिंह जादौन-सर्च स्टोरी के समूह संपादक है
व्यंग्य - राजेन्द्र सिंह जादौन _(लेखक-_राजेन्द्र सिंह जादौन-_सर्च स्टोरी के समूह संपादक है )_

About the Author