प्रदेश में बदलाव के लिए जेजेपी की महेंद्रगढ़ रैली अहम रोल अदा करेगी - डॉ अजय सिंह चौटाला

प्रदेश में बदलाव के लिए जेजेपी की महेंद्रगढ़ रैली अहम रोल अदा करेगी - डॉ अजय सिंह चौटाला
 

<strong>भिवानी और दादरी में ‘जन-जन अधिकार रैली’ का निमंत्रण देने पहुंचे जेजेपी प्रमुख डॉ अजय सिंह चौटाला</strong>

<strong>चंडीगढ़, 19 नवंबर।</strong> जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा है कि छह दिसंबर को जेजेपी के स्थापना दिवस पर महेंद्रगढ़ में होने वाली जन-जन अधिकार रैली प्रदेश में बदलाव लाने के लिए अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि यह रैली न केवल ऐतिहासिक होगी बल्कि हरियाणा में बदलाव की गवाही भी देगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि रैली को सफल बनाने के कोई कोर-कसर न छोड़े। वीरवार को भिवानी और दादरी में जेजेपी प्रमुख रैली का न्यौता देने पहुंचे थे। इस दौरान जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा, वरिष्ठ नेता राजेंद्र लितानी व युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

डा. अजय सिंह चौटाला ने भिवानी-महेंद्रगढ़ को अपना घर बताते हुए कहा कि उन्हें आज भी वह सभी पुराने कार्यकर्ता याद है, जिन्होंने उनका 1996 के भिवानी आगमन पर साथ दिया था। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा से स्थानीय लोगों की रैली में बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी होगी। डॉ चौटाला ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा राज में किसान परेशान है, गुंडागर्दी चरम पर है। आए दिन लोगों को बदमाशों की धमकियां मिलती है। सरकार और प्रशासन कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह नाकाम है। दक्षिण हरियाणा में पानी की समस्या के मुद्दे को उठाते हुए अजय चौटाला ने कहा कि जजपा ही दक्षिण हरियाणा तक पानी मुहैया करवाएगी इसका वह वादा करते है।

जेजेपी प्रदेशाध्यक्ष बृज शर्मा और वरिष्ठ नेता राजेंद्र लितानी ने कहा कि प्रत्येक पार्टी कार्यकर्ता को 6 दिसम्बर को महेन्द्रगढ़ पहुंचना है ताकि जजपा को और अधिक ताकत मिले। जेजेपी युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि यह बदलाव का समय है। आज जो साथी साथ दे रहा है उनका मान बढ़ाने में वह कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। दिग्विजय ने कहा कि आज युवा बेरोजगारी की मार झेल रहे हैं। युवाओं को विभिन्न परिक्षाओं के नाम पर तंग किया जा रहा है, जबकि रोजगार के नाम पर उन्हें ठगा जाता है।

About the Author

Monika Singh
Monika Singh

9447 Articles