मुख्यमंत्री नायब सैनी लाडवा विधानसभा की जनता के विश्वास पर खरे नहीं उतरे: मेवा सिंह
मुख्यमंत्री नायब सैनी लाडवा विधानसभा की जनता के विश्वास पर खरा नहीं उतर पाए: मेवा सिंह
जिलाध्यक्ष मेवा सिंह ने लाडवा खंड के दर्जनों गांवों के कार्यकर्ताओं की बैठक ली
मानव गर्ग/लाडवा /23 सितंबर 2026 /अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स
कांग्रेस जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक मेवा सिंह ने लाडवा खंड के दर्जनों गांवों के कार्यकर्ताओं की बैठक ली। लाडवा-हिनौरी मार्ग पर स्थित एक निजी पैलेस में लाडवा खंड के दर्जनों गांवों की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक मेवा सिंह द्वारा की गई। बैठक में 25 सितंबर को लाडवा में होने वाले कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को सफल बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां लगाई गईं जो गांव-गांव जाकर ग्रामीणों को सम्मेलन का न्यौता देंगे।
लाडवा में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन
जिलाध्यक्ष मेवा सिंह ने बताया कि कांग्रेस की ओर से प्रदेशभर में ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 25 सितंबर को सुबह साढ़े 11 बजे लाडवा-पिपली मार्ग स्थित एक निजी पैलेस में लाडवा ब्लॉक का कार्यकर्ता सम्मेलन होगा। इस सम्मेलन को कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं को आगामी समय के लिए जिम्मेदारियां भी सौंपी जाएंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच लेकर जाएंगे।
धान की सरकारी खरीद का मुद्दा और किसानों का समर्थन
जिलाध्यक्ष मेवा सिंह ने धान की सरकारी खरीद का मुद्दा उठाते हुए कड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि मंडियों में फसल की आवक शुरू होने के बावजूद खरीद व्यवस्था को लेकर किसानों में असमंजस बना हुआ है। धान की सरकारी खरीद शुरू करवाने के लिए किसान युनियनों के साथ किसान सड़कों पर उतर रहे हैं। उन्होंने किसानों का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार को तुरंत प्रभाव से धान की सरकारी खरीद शुरू करनी चाहिए। यदि सरकार धान की खरीद शुरू नहीं करेगी तो कांग्रेस किसानों के साथ मिलकर खरीद शुरू करवाने के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर होगी।
लाडवा विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर सवाल
उन्होंने लाडवा विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लाडवा हलके की जनता ने जो विश्वास मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को विधानसभा में भेजकर जताया था, मुख्यमंत्री हलके की जनता के विश्वास पर खरा नहीं उतर पाए हैं। जनता में मुख्यमंत्री के प्रति भारी रोष है और वे अपने आपको ठगा महसूस कर रहे हैं। बैठक के दौरान गुरदेव सूरा, जसबीर पंजेटा, ब्लॉक प्रधान भगवंत विर्क, गुरमीत चहल, रणबीर बपदी, जंगशेर बूढ़ा, लवली बपदी, नरेश, समय बदरपुर, जरनैल डूडा और राजबीर बडौंदा सहित अन्य कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।