देश और प्रदेश के हालात बदलने के लिए जनता को करना होगा सत्ता परिवर्तन - डॉ अजय सिंह चौटाला

देश और प्रदेश के हालात बदलने के लिए जनता को करना होगा सत्ता परिवर्तन - डॉ अजय सिंह चौटाला
 

<strong> </strong>

<strong> </strong>

<strong>चंडीगढ़, 24 नवम्बर।</strong> जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा है कि  देश और प्रदेश के हालात लगातार बिगड़ रहे है और इसकी सबसे बड़ी जिम्मेदार भाजपा सरकार है। सत्ता में बैठी बीजेपी जनता के हितों की बजाय बड़े-बड़े पूंजीपतियों के हितों को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कि देश के एयरपोर्ट, रेलवे, बंदरगाह जैसी बेशकीमती संपत्तियां चुनिंदा उद्योगपतियों के हाथों में सौंपी जा रही हैं और नरेंद्र मोदी केवल नाम के ही प्रधानमंत्री रह गए हैं। वे मंगलवार को छह दिसंबर को होने वाली जेजेपी की रैली का न्यौता देने रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में पहुंचे थे।

डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा कि देश में जिस तरह के हालात बन रहे है, उससे आम जनता, युवा और किसान बेहद परेशान है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के हालात बदलने के लिए जनता को सत्ता परिवर्तन करना होगा। डॉ चौटाला ने कहा छह दिसंबर को महेंद्रगढ़ में होने वाली जेजेपी की जन-जन अधिकार रैली से राजनीति  नई करवट लेगी। जनता के सब्र का बांध टूटने पर सत्ता में बैठे नेताओं को जनता के सवालों का जवाब देना ही पड़ेगा।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर निशाना साधते हुए डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा कि ऐसा लगता है कि नायब सैनी हरियाणा के मुख्यमंत्री कम और पंजाब के मुख्यमंत्री ज्यादा है। पंजाब में जाकर हरियाणा के किसानों के नाम पर बड़े-बड़े दावे किए जाते है कि प्रदेश में 24 फसलें एमएसपी पर खरीदी जा रही है और किसानों की आय दोगुनी हो रही है। डॉ चौटाला ने सवाल किया कि सरकार बताए कि आखिर वे 24 फसलें कौन-सी हैं, जिन्हें एमएसपी पर खरीदा जा रहा है? भाजपा किसानों को एमएसपी के नाम पर चवन्नी थमा रही है, जबकि हकीकत में किसान अपनी फसल बेचने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।

अहीरवाल की धरती को वीरों और संघर्ष करने वालों की धरती बताते हुए डॉ चौटाला ने कहा कि इसी क्षेत्र से चौधरी देवीलाल और चौधरी ओमप्रकाश चौटाला ने पानी और न्याय के लिए संघर्ष शुरू किया था। अहीरवाल की जनता ने उस संघर्ष में भरपूर साथ दिया और प्रदेश में भ्रष्ट कांग्रेस सरकार को सत्ता से बाहर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। चौधरी देवीलाल ने गरीब, किसान, मजदूर, बुजुर्ग और कमेरे वर्ग के लिए जो जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की थी, आज उन्हीं योजनाओं को देश के दूसरे राज्य भी अपना रहे हैं। जेजेपी उन्हीं नीतियों और विचारधारा को आगे बढ़ा रही है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जिस एकजुटता और ताकत के साथ 2019 में प्रदेश की राजनीति में बदलाव लाया गया था, उसी एकजुटता के साथ आज फिर जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ने की जरूरत है। प्रदेश का हर वर्ग भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान है। किसान, युवा, कर्मचारी और व्यापारी सभी बदलाव चाहते हैं। कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कांग्रेस की ऐसी दुर्गति कर दी है कि आज प्रदेश में लोग कांग्रेस का नाम लेना भी पसंद नहीं करते। उन्होंने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता को मजबूत राजनीतिक विकल्प देना समय की मांग है।

जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष बृज शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार का ग्राफ दिन-प्रतिदिन गिरता जा रहा है। स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करने और किसानों की आय दोगुनी करने जैसे वादे करके सत्ता में आई भाजपा ने किसानों को निराश किया है। आज युवा पेपर लीक और भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं को लेकर परेशान हैं। युवाओं में सरकार के प्रति भारी नाराजगी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की लड़ाई को निर्णायक मुकाम तक पहुंचाने की क्षमता डॉ. अजय सिंह चौटाला में है। 6 दिसंबर की जेजेपी की रैली भाजपा सरकार को जनता की नाराजगी का अहसास करवाएगी।

जेजेपी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कहा कि 6 दिसंबर की रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए संगठन पूरी ताकत से जुटा हुआ है। प्रदेश में हर दस गांवों पर एक प्रभारी नियुक्त किया जाएगा, जो रैली की तैयारियों और जनसंपर्क की जिम्मेदारी संभाल रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर लोगों को रैली का निमंत्रण दें और महेंद्रगढ़ की धरती से प्रदेश की राजनीति को नई दिशा देने का काम करें। इस अवसर पर अनेक युवाओं ने जेजेपी में शामिल होने की घोषणा की।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles