रामलीला मैदान में भीड़ की जंग: कांग्रेस बनाम भाजपा, सच क्या?

रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली के बाद भीड़ को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं। हजारों की भीड़ या खाली मैदान, तस्वीरों के पीछे का सियासी सच क्या है?
भीड़ पर भिड़ंत और भीड़तंत्र अभी तक कांग्रेस और भाजपा दोनों वोट चोरी के आरोपों पर अपनी-अपनी सफाई दे रही थीं। आरोप लगाने वाला भी अपने आंकड़े लेकर खड़ा था और सफाई देने वाला भी अपने तर्कों की पोटली खोलकर बैठा था। लेकिन रामलीला मैदान में कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद राजनीति की बहस ने नया मोड़ ले लिया है। अब सवाल वोट चोरी से आगे बढ़कर भीड़ चोरी तक पहुंच गया है। कांग्रेस ने कहा कि रामलीला मैदान में हजारों का हुजूम उमड़ा। भाजपा ने तस्वीरों और अपने राजनीतिक चश्मे से मैदान देखा तो उसे मैदान खाली नजर आया। कांग्रेस को भीड़ दिखाई दी, भाजपा को खाली जगह। अब जनता समझ नहीं पा रही कि आखिर मैदान में लोग थे या फिर लोग केवल कांग्रेस के दावों में मौजूद थे! भारतीय राजनीति में यह भी कम दिलचस्प नहीं है कि पहले नेता जनता के वोट गिनते थे, अब जनता की भीड़ गिनने लगे हैं। पहले चुनाव आयोग के आंकड़ों पर बहस होती थी, अब मैदान में खड़े लोगों की संख्या पर हो रही है। एक पार्टी कहती है लाखों आए, दूसरी कहती है हजार भी नहीं थे। लगता है देश में जनगणना के बाद अब राजनीतिक दलों को अपनी-अपनी भीड़ गणना का विभाग भी खोल लेना चाहिए। वैसे भीड़ का अपना लोकतंत्र होता है। उसमें कोई पहचान पत्र नहीं मांगता, कोई जाति नहीं पूछता, कोई विचारधारा का प्रमाणपत्र नहीं देखता। बस मंच से आवाज लगती है और लोग नारे लगाने लगते हैं। मंच पर बैठे नेता जनता की ताकत बताते हैं और मंच के नीचे खड़े लोग नेताओं की ताकत बन जाते हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि भीड़ घर लौट जाती है और नेता अपनी-अपनी भीड़ के आंकड़े लेकर टीवी स्टूडियो पहुंच जाते हैं।
कांग्रेस के लिए भीड़ लोकतंत्र बचाने का प्रमाण है तो भाजपा के लिए मैदान खाली होना कांग्रेस की राजनीतिक कमजोरी का प्रमाण। दोनों के अपने-अपने कैमरे हैं, अपने-अपने कोण हैं और अपने-अपने निष्कर्ष हैं। कैमरा किस दिशा में घुमाया गया, किस हिस्से को दिखाया गया और किस हिस्से को छोड़ दिया गया, यह सब भी अब राजनीतिक विज्ञान का हिस्सा बन चुका है। सबसे मजेदार बात यह है कि लोकतंत्र में जनता की अहमियत चुनाव के दिन सबसे ज्यादा होती है। उस दिन एक-एक वोट की कीमत होती है। लेकिन चुनाव के बाद वही जनता कभी भीड़ कहलाती है, कभी समर्थक, कभी कार्यकर्ता और कभी विपक्ष की भीड़। सत्ता पक्ष की रैली हो तो जनसमर्थन का सैलाब और विपक्ष की रैली हो तो किराये की भीड़! विपक्ष की रैली में लोग कम हों तो संगठन कमजोर और ज्यादा हों तो भीड़ जुटाने की मशीनरी सक्रिय। अब तो ऐसा लगता है कि देश में राजनीतिक सफलता का नया पैमाना भीड़ हो गया है। किसने कितनी भीड़ जुटाई, किसके मंच पर कितने नेता बैठे, किसके नारे कितनी दूर तक सुनाई दिए और किसके ड्रोन कैमरे ने कितनी बड़ी तस्वीर दिखाई। जनता की समस्याएं, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की परेशानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दे पीछे छूट जाते हैं। मंच पर भाषण जारी रहता है और कैमरे के सामने भीड़ का पोस्टमार्टम। लेकिन एक सवाल यह भी है कि क्या लोकतंत्र केवल भीड़तंत्र का दूसरा नाम बनता जा रहा है? क्या किसी मैदान में हजारों लोगों का इकट्ठा हो जाना अपने आप में जनसमर्थन का अंतिम प्रमाण है? और क्या किसी मैदान की तस्वीर में खाली जगह दिख जाने से जनता की राजनीतिक चेतना का फैसला हो सकता है? लोकतंत्र में भीड़ जुटाना आसान हो सकता है, लेकिन जनता का विश्वास जुटाना इतना आसान नहीं है। भीड़ बसों से भी आ सकती है, संगठन के बुलावे पर भी आ सकती है और किसी मुद्दे के प्रति वास्तविक आक्रोश में भी उमड़ सकती है। मगर विश्वास न बसों में भरकर आता है, न मंच से घोषणा करने पर मिलता है। वह काम से बनता है, व्यवहार से बनता है और जनता के सवालों का जवाब देने से बनता है। वोट चोरी का आरोप अपनी जगह है और उसका जवाब तथ्यों से दिया जाना चाहिए। उसी तरह भीड़ का दावा भी तस्वीरों, वास्तविक आंकड़ों और पारदर्शिता से परखा जाना चाहिए। लेकिन राजनीतिक दलों को यह समझना होगा कि लोकतंत्र में मैदान भरने से ज्यादा जरूरी जनता के मन में जगह बनाना है। अब कांग्रेस भाजपा की भीड़ गिनेगी और भाजपा कांग्रेस का मैदान नापेगी। एक दूसरे की रैलियों में खाली कुर्सियां खोजेगा और दूसरा ड्रोन कैमरे से भीड़ का समुद्र दिखाएगा। जनता टीवी पर यह तमाशा देखेगी और सोचती रहेगी कि आखिर उसके हिस्से के सवालों का जवाब कौन देगा? क्योंकि लोकतंत्र में असली सवाल यह नहीं है कि रामलीला मैदान में कितने लोग थे, असली सवाल यह है कि उन लोगों की आवाज सत्ता तक कितनी पहुंची और सत्ता ने उन सवालों का जवाब कितना दिया। बाकी भीड़ पर भिड़ंत जारी है। कोई भीड़ को जनसैलाब बता रहा है तो कोई उसे राजनीतिक बुलबुला। लोकतंत्र बेचारा किनारे खड़ा है। उसे समझ नहीं आ रहा कि वह जनता के हाथ में है या नेताओं की भीड़ के बीच कहीं खो गया है!(खोल छाप ख़बरी)

About the Author